गुणवत्तापूर्ण निर्माण और बेहतर सुविधाओं पर जोर, निगमाध्यक्ष ने सामुदायिक भवन का किया निरीक्षण
गुणवत्तापूर्ण निर्माण और बेहतर सुविधाओं पर जोर, निगमाध्यक्ष ने सामुदायिक भवन का किया निरीक्षण
कटनी। नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने बाबू वंशस्वरूप वार्ड स्थित चंदी की दफाई, दुर्गा मंदिर के समीप निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी के ठेकेदार से चर्चा कर भवन में बेहतर वेंटिलेशन सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त खिड़कियां बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निगमाध्यक्ष ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों तथा कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
मनीष पाठक ने कहा कि सामुदायिक भवन क्षेत्र के नागरिकों की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा, इसलिए इसका निर्माण मजबूत, सुविधाजनक और दीर्घकालिक उपयोग को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। उन्होंने निर्माण एजेंसी को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने, परिसर में स्वच्छता एवं सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा भवन में पर्याप्त प्रकाश, हवा और नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सुमित्रा रावत, पार्षद श्रीमती प्रभा गुप्ता, ब्राह्मण समाज अध्यक्ष राजू शर्मा सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।