राजस्व वसूली बढ़ाने निगमायुक्त ने दिए सख्त निर्देश, लक्ष्य आधारित कार्ययोजना पर जोर

0

राजस्व वसूली बढ़ाने निगमायुक्त ने दिए सख्त निर्देश, लक्ष्य आधारित कार्ययोजना पर जोर
कटनी। नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने बुधवार शाम राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक लेकर पिछले वित्तीय वर्ष के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया तथा चालू वित्तीय वर्ष में लक्ष्य आधारित कार्ययोजना के तहत राजस्व संग्रहण बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से सुनियोजित रणनीति के साथ कार्य कर राजस्व वसूली में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने का आह्वान किया।
बैठक में निगमायुक्त ने कहा कि बीते वर्ष राजस्व अमले की मेहनत और समर्पण से वसूली में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यदि वर्ष की शुरुआत से ही निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य किया जाए तो निगम राजस्व संग्रहण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर सकता है।
समीक्षा के दौरान उत्कृष्ट वसूली करने वाले कर्मचारियों का तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सम्मान कर उनका मनोबल बढ़ाया गया। वहीं अपेक्षाकृत कम वसूली करने वाले कर्मचारियों से कारण पूछते हुए कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि लक्ष्य प्राप्ति में लगातार असफल रहने पर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
सुश्री परिहार ने मासिक, साप्ताहिक एवं दैनिक लक्ष्य निर्धारित कर नियमित रूप से करदाताओं से संपर्क बनाए रखने, बड़े बकायादारों की सूची तैयार कर विशेष वसूली अभियान चलाने तथा बिल एवं डिमांड नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही बल्क मैसेज के माध्यम से करदाताओं को बकाया करों की जानकारी देकर समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में चेक बाउंस प्रकरणों में वैधानिक कार्रवाई, नवीन संपत्तियों का पंजीयन, आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों का सत्यापन तथा नियमों के अनुसार कर निर्धारण करने के निर्देश भी दिए गए। निगमायुक्त ने नागरिकों की सुविधा के लिए पीओएस मशीनों के अधिकाधिक उपयोग और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया।
जलकर, बाजार शाखा एवं बाजार बैठकी की वसूली की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने निगम स्वामित्व की दुकानों का शत-प्रतिशत किराया वसूलने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed