अमृत योजना के कार्यों में तेजी लाने निगमायुक्त का निरीक्षण, तीन दिन में साइट रेस्टोरेशन पूरा करने के निर्देश, सितंबर तक पूर्ण हो पानी की टंकी
अमृत योजना के कार्यों में तेजी लाने निगमायुक्त का निरीक्षण, तीन दिन में साइट रेस्टोरेशन पूरा करने के निर्देश, सितंबर तक पूर्ण हो पानी की टंकी
कटनी। नगर में अमृत योजना एवं अमृत 2.0 के तहत संचालित सीवर लाइन, पेयजल पाइपलाइन विस्तार एवं जल संरचनाओं के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने गुरुवार को निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं समय-सीमा की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव, पी.डी.एम.सी. के ए.आर.सी. सौरभ नौगजा, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि नेवित पटेल, हार्दिक पटेल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए निगमायुक्त ने साउथ स्टेशन रोड स्थित लक्ष्मी पान भंडार से रंगनाथ मंदिर मार्ग तथा सागर पुलिया कब्रिस्तान मोड़ के समीप बजाज एजेंसी के सामने चल रहे सीवरेज कार्यों का पैदल भ्रमण कर निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सागर पुलिया क्षेत्र में साइट रेस्टोरेशन कार्य की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सुश्री परिहार ने निर्माण एजेंसी को अतिरिक्त श्रमिक एवं संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य अवधि बढ़ाकर सुबह से ही कार्य प्रारंभ करने तथा सुरक्षा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए आगामी तीन दिवस के भीतर शेष रेस्टोरेशन कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले सभी कार्यों का समुचित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए ताकि नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को सीवरेज परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद उन्होंने गायत्री नगर क्षेत्र में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत चल रहे पेयजल पाइपलाइन विस्तार कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को शेष पाइपलाइन कार्य शीघ्र पूर्ण कर क्षेत्र का समुचित रेस्टोरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान शिवाजी वार्ड स्थित मुक्तिधाम परिसर में निर्माणाधीन 775 किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी का भी जायजा लिया गया। निगमायुक्त ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसी को सितंबर माह तक टंकी निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। यह जल संरचना पूर्ण होने पर क्षेत्र के अनेक वार्डों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी।
निरीक्षण के अंतिम चरण में सुश्री परिहार ने प्रेमनगर मल्टी के समीप अमृत 2.0 योजना अंतर्गत प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की लोकेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को एसटीपी निर्माण के लिए आवश्यक ड्राइंग एवं डिजाइन तैयार कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर परियोजना का कार्य जल्द प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कहा कि अमृत योजना के अंतर्गत संचालित सभी अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा करना नगर निगम की प्राथमिकता है, जिससे नागरिकों को बेहतर पेयजल एवं सीवरेज सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।