बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने और वृहद पौधारोपण की तैयारियां तेज करने के निर्देश स्ट्रीट लाइट सुधार, पार्कों के रखरखाव और लाल पहाड़ी में हरित अभियान पर विशेष फोकस
बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने और वृहद पौधारोपण की तैयारियां तेज करने के निर्देश
स्ट्रीट लाइट सुधार, पार्कों के रखरखाव और लाल पहाड़ी में हरित अभियान पर विशेष फोकस
कटनी।। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने विद्युत एवं उद्यान शाखा के कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
आयोजित समीक्षा बैठक में विद्युत शाखा की कार्यप्रणाली का आकलन करते हुए निगमायुक्त ने नगर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को हर हाल में सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत, प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों एवं आवासीय क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने पर जोर दिया। साथ ही नियमित निरीक्षण और सतत मॉनिटरिंग के माध्यम से विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की बात कही।
उद्यान शाखा की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने मानसून में प्रस्तावित वृहद पौधारोपण अभियान की तैयारियों की जानकारी ली। प्रेमनगर, तिलक कॉलेज परिसर, फिल्टर हाउस, ट्रांसपोर्ट नगर तालाब क्षेत्र सहित विभिन्न शासकीय कार्यालयों और विद्यालय परिसरों में पौधारोपण की तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पौधों की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था तथा उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
बैठक में लाल पहाड़ी क्षेत्र को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। निगमायुक्त ने चिन्हित स्थलों पर बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के लिए योजनाबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर के पार्कों एवं उद्यानों में साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर देते हुए वर्षा ऋतु में दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए सार्वजनिक मार्गों के किनारे स्थित जर्जर एवं खतरनाक वृक्षों की शाखाओं की कटाई-छंटाई का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कहा कि मानसून के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभागों को सक्रियता और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कर नगर को सुरक्षित, हरित एवं व्यवस्थित बनाने का आह्वान किया।