दतला नदी के अवैध रेत घाटों पर चला पीला पंजा, रैंप और परिवहन मार्ग ध्वस्त अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने चार घाटों के रास्ते किए बंद,अवैध रेत कारोबार पर बड़ी चोट माफियाओं के मंसूबों पर फेरा पानी

0

दतला नदी के अवैध रेत घाटों पर चला पीला पंजा, रैंप और परिवहन मार्ग ध्वस्त
अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने चार घाटों के रास्ते किए बंद,अवैध रेत कारोबार पर बड़ी चोट
माफियाओं के मंसूबों पर फेरा पानी
कटनी। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध जिला प्रशासन ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए ढीमरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम दशरमन स्थित दतला नदी के चार प्रमुख घाटों पर बनाए गए अवैध रैंप एवं परिवहन मार्गों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई को खनिज माफियाओं के खिलाफ सख्त चेतावनी और जिले में अवैध उत्खनन पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर सिलौड़ी के नायब तहसीलदार खगेश भलावी के नेतृत्व में राजस्व अमला और प्रशासनिक टीम ने दतला नदी पहुंचकर उन मार्गों को चिन्हित किया, जिनका उपयोग लंबे समय से अवैध रेत परिवहन के लिए किया जा रहा था। इसके बाद जेसीबी मशीनों की मदद से घाटों पर बनाए गए रैंपों को पूरी तरह तोड़ दिया गया तथा मार्गों पर गहरे गड्ढे खोदकर उन्हें आवागमन के लिए अनुपयोगी बना दिया गया। कार्रवाई के दौरान सुनारखेड़ा घाट, डबरी घाट, बम्होरी दतला घाट और शंकर घाट बम्होरी में अवैध रूप से तैयार किए गए रास्तों को ध्वस्त किया गया। प्रशासन का कहना है कि इन मार्गों के माध्यम से रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन को बढ़ावा मिल रहा था, जिसे अब पूरी तरह बाधित कर दिया गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की निगरानी टीमों को सक्रिय कर दिया गया है और संवेदनशील घाटों पर विशेष नजर रखी जा रही है। यदि कहीं भी दोबारा अवैध रैंप या मार्ग बनाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध राजस्व, खनिज एवं आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार से जुड़े तत्वों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि प्राकृतिक संसाधनों की लूट और शासन को राजस्व हानि पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही जिला प्रशासन रेत के अवैध उत्‍खनन एवं परिवहन में लिप्‍त लोगों पर कड़ी नजर रखे हुये है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed