बंगवार भूमिगत खदान हादसे के बाद फूटा गुस्सा: परिजनों ने किया हंगामा, अधिकारियों को सामने बुलाने पर अड़े, दो मजदूरों की मौत
शहडोल। एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र की बंगवार भूमिगत कोयला खदान में हुए भीषण हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा उफान पर पहुंच गया। एयर ब्लास्ट के साथ हुई रूफ स्लाइडिंग की घटना में दो ठेका मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य श्रमिक घायल हो गए। घटना के बाद खदान परिसर में भारी तनाव की स्थिति निर्मित हो गई और आक्रोशित लोगों ने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।जानकारी के अनुसार, खदान के अंदर कार्य के दौरान अचानक एयर ब्लास्ट के साथ छत का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में ठेका मजदूर बबलू कोल और गोलू बैगा गंभीर रूप से दब गए, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चार अन्य मजदूर घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए आदित्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो श्रमिकों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण खदान परिसर पहुंच गए। लोगों ने खदान प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए मैनेजर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की तथा कार्यालय परिसर में रखी कुर्सियों और दरवाजों में तोड़फोड़ भी की। आक्रोशित लोग सोहागपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक बी.के. जेना तथा बंगवार भूमिगत खदान के उप क्षेत्रीय प्रबंधक को मौके पर बुलाकर जवाब देने की मांग पर अड़े रहे।
स्थिति कुछ समय के लिए बेहद तनावपूर्ण हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि समय रहते पुलिस नहीं पहुंचती तो बड़ी अप्रिय घटना हो सकती थी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करते हुए लोगों को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें उचित जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इधर, हादसे के बाद खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है, वहीं एसईसीएल प्रबंधन ने भी मामले की आंतरिक जांच के आदेश दिए हैं। मृतकों के परिजन हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई, उचित मुआवजा तथा घायलों के बेहतर उपचार की मांग कर रहे हैं। घटना ने एक बार फिर खदानों में श्रमिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।