जाको राखे साइयाँ मार सके न कोई; अमलाई क्षेत्र के बटूरा में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत, मां के आंचल में सुरक्षित रही 1 साल की ‘आस्था’

0
शहडोल।राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर आज सुबह एक ऐसा दर्दनाक और हैरान कर देने वाला हादसा हुआ, जिसने ‘जाको राखे साइयाँ मार सके न कोई’ की कहावत को एक बार फिर सच साबित कर दिया। अमलाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बटूरा से केशवाही मार्ग पर स्थित महुआई मंदिर के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार एक ही परिवार के चार लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक पर पीछे बैठी बुजुर्ग महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी 1 साल की मासूम नातिन अपनी मां की गोद में पूरी तरह सुरक्षित है।
देवी दर्शन कर लौट रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहडोल के कोदवार कला के मूल निवासी यादव परिवार के लोग आज सुबह बाइक पर सवार होकर कछुआ स्थित प्रसिद्ध मरखी माई देवी मंदिर में दर्शन करने गए थे। मृतिका रेखा यादव अपने दामाद नीरज यादव, बेटी आंचल यादव और 1 साल की मासूम नातिन आस्था यादव के साथ खुशी-खुशी माता के दर्शन कर घर लौट रही थी।
 यमदूत बनकर आया  ट्रेलर
बाइक को दामाद नीरज यादव चला रहा था। बीच में उनकी पत्नी आंचल यादव अपनी 1 साल की बेटी आस्था को गोद में लेकर बैठी थीं, जबकि सबसे पीछे मृतिका रेखा यादव बैठी हुई थीं। जैसे ही उनकी बाइक बटूरा के पास महुआई मंदिर के समीप पहुँची, सामने से आ रहे यमदूत बने तेज रफ्तार  ट्रेलर ने बाइक को बेरहमी से रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रेखा यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, नीरज और आंचल को आंशिक चोटें आई हैं।
तमाशबीन बने रहे लोग, 1 घंटे तक नहीं पहुँची डायल 112
हादसे के बाद घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन प्रशासनिक संवेदनहीनता का एक बड़ा चेहरा यहाँ देखने को मिला। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस और आपातकालीन सेवा डायल 112 को सूचना दी। लेकिन बेहद शर्मनाक बात रही कि घटना के एक घंटे बाद तक डायल 112 मौके पर नहीं पहुँची। लहूलुहान परिवार तड़पता रहा और लोग बेबस होकर तमाशबीन बने देखते रहे। पुलिस की इस कछुआ चाल को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
काल के गाल से बच निकली नन्ही आस्था
इस पूरे हादसे में सबसे चमत्कारी और भावुक कर देने वाला पहलू यह रहा कि जहाँ  भारी-भरकम वाहन एक बुजुर्ग जिंदगी को लील गया, वहीं मां के आंचल में छिपी नन्ही आस्था को खरोंच तक नहीं आई। इसे ईश्वर की असीम कृपा और दैवीय चमत्कार ही कहा जाएगा कि इतना भयानक एक्सीडेंट होने के बावजूद मासूम आस्था अपनी मां की गोद में बिल्कुल स्वस्थ और सुरक्षित है। स्थानीय लोग इसे मरखी माई का ही चमत्कार मान रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed