आमजन की समस्याओं पर गंभीर पुलिस प्रशासन, जनसुनवाई में सुनी गईं दर्जनों शिकायतें

0

आमजन की समस्याओं पर गंभीर पुलिस प्रशासन, जनसुनवाई में सुनी गईं दर्जनों शिकायतें
कटनी।। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और पुलिस व्यवस्था में जनविश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में मंगलवार को बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित इस जनसुनवाई में विभिन्न प्रकार के प्रकरणों की सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में आयोजित जनसुनवाई में नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी एवं डीएसपी अजाक शिवा पाठक ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत का परीक्षण कर संबंधित थाना प्रभारियों एवं शाखा अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पारिवारिक विवाद, भूमि एवं प्लॉट संबंधी धोखाधड़ी, महिला अपराध, पैसों के लेन-देन से जुड़े मामले, आपसी विवाद तथा पुलिस द्वारा सुनवाई नहीं किए जाने संबंधी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। वहीं साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों पर अधिकारियों ने फरियादियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताते हुए सतर्क रहने की सलाह दी तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए साइबर सेल को निर्देशित किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायत प्राप्त करना नहीं, बल्कि समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। जिन मामलों का संबंध अन्य विभागों से पाया गया, उनमें आवेदकों को संबंधित विभाग से संपर्क करने की सलाह भी दी गई।
जनसुनवाई के माध्यम से पुलिस प्रशासन और जनता के बीच संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बन रही है। शासन की इस पहल को आमजन के लिए राहत और न्याय प्राप्ति का प्रभावी माध्यम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed