जीरो फैटेलिटी जिला बनाने की दिशा में कटनी के प्रयासों की उच्चस्तरीय समीक्षा सुप्रीम कोर्ट सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अभय मनोहर सप्रे ने दिए प्रभावी सड़क सुरक्षा के निर्देश

0

जीरो फैटेलिटी जिला बनाने की दिशा में कटनी के प्रयासों की उच्चस्तरीय समीक्षा
सुप्रीम कोर्ट सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अभय मनोहर सप्रे ने दिए प्रभावी सड़क सुरक्षा के निर्देश
कटनी।। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा प्रत्येक नागरिक की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सोमवार को माधवनगर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित की गई। बैठक में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश एवं सर्वोच्च न्यायालय सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष अभय मनोहर सप्रे ने जिले में सड़क सुरक्षा की स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
बैठक में जिले में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की वर्तमान स्थिति, दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों, ब्लैक स्पॉट्स, सड़क सुरक्षा उपायों तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान वर्ष 2026 में मई माह तक के सड़क दुर्घटना आंकड़ों का विश्लेषण प्रस्तुत किया गया। न्यायमूर्ति सप्रे ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु केवल एक आंकड़ा नहीं होती, बल्कि किसी परिवार के लिए जीवनभर का दर्द और अपूरणीय क्षति होती है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाते हुए सभी विभागों को समन्वित और परिणामोन्मुखी कार्यप्रणाली अपनानी होगी। उन्होंने कटनी को जीरो फैटेलिटी जिला बनाने के लिए दुर्घटना संभावित स्थलों की नियमित निगरानी, सड़क अभियांत्रिकी सुधार, प्रभावी यातायात प्रबंधन, गोल्डन आवर में बेहतर चिकित्सा सुविधा तथा व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक और नैतिक दायित्व भी है। हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की अवस्था में वाहन न चलाना तथा यातायात नियमों का सम्मान करना अनेक अनमोल जीवन बचा सकता है। बैठक में संबंधित विभागों को फील्ड स्तर पर लगातार निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को शीघ्रता से अमल में लाने तथा सड़क सुरक्षा को जनभागीदारी आधारित अभियान का स्वरूप देने पर विशेष बल दिया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ एवं प्रभारी कलेक्टर हरमनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या सिंह परिहार, लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन यंत्री शारदा सिंह, अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल, यातायात प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर सहित एमपीआरडीसी, एनएचएआई एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के समापन पर सभी विभागों ने सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन का स्वरूप देने, दुर्घटनाओं में निरंतर कमी लाने तथा सुरक्षित कटनी-सुरक्षित नागरिक के संकल्प को साकार करने हेतु समन्वित एवं सतत प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed