तेवरी के पास दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत, तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर

0

तेवरी के पास दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत, तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर
कटनी।। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लमतरा ओवरब्रिज के समीप हुए भीषण बस हादसे की पीड़ा अभी लोगों के जहन से उतरी भी नहीं थी कि सोमवार को एक और दर्दनाक दुर्घटना ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कटनी-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तेवरी के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर लगभग 3:30 बजे ग्राम घूघरा निवासी संतोष सेन एवं चंदू आदिवासी बाइक क्रमांक एमपी-21-जेडई-9048 से तेवरी की ओर जा रहे थे। जैसे ही दोनों युवक राष्ट्रीय राजमार्ग से गांव की ओर मुड़ने लगे, उसी दौरान कटनी से जबलपुर की तरफ तेज रफ्तार से जा रहे पिकअप वाहन क्रमांक एमपी-28-जी-9373 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक कई फीट दूर जा गिरे। हादसे के बाद पिकअप वाहन उन्हें रौंदते हुए कुछ दूरी पर जाकर रुका। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्लीमनाबाद थाना प्रभारी सुदेश समन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है तथा दुर्घटना के संबंध में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक यातायात संकेतक और सुरक्षा व्यवस्थाएं बढ़ाने की मांग की है।
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो ऐसे हादसे आगे भी लोगों की जान लेते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *