दर्दनाक हादसे के बाद बड़ा फैसला, गड्ढे भरेंगे, बनेंगे संकेतक और रोड डिवाइडर,हरकत में प्रशासन, सांसद विष्णुदत्त शर्मा और विधायक संजय पाठक ने किया स्थल निरीक्षण
दर्दनाक हादसे के बाद बड़ा फैसला, गड्ढे भरेंगे, बनेंगे संकेतक और रोड डिवाइडर,हरकत में प्रशासन, सांसद विष्णुदत्त शर्मा और विधायक संजय पाठक ने किया स्थल निरीक्षण
कटनी।। विजयराघवगढ़ मार्ग स्थित लमतरा ओवरब्रिज के नीचे हुए दर्दनाक बस हादसे, जिसमें चार यात्रियों की असमय मृत्यु हो गई, के बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधि सक्रिय हो गए हैं। हादसे के दूसरे दिन क्षेत्रीय सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के साथ दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर यातायात सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क पर बने गड्ढों की मरम्मत एवं भराई का कार्य 24 घंटे के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही यातायात को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार रोड डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सांसद एवं विधायक ने जबलपुर से कटनी आने वाले मार्ग पर देवरी ओवरब्रिज (बजरंग नगर पीर बाबा के पहले) का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहर की ओर जाने वाले मार्ग को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के लिए बड़े और आकर्षक दिशा-सूचक संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, जिससे बाहरी वाहन चालकों को मार्ग पहचानने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ओवरब्रिज क्षेत्र में स्थायी रोड डिवाइडर (दीवारनुमा अवरोधक) बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया, ताकि ट्रक एवं अन्य भारी वाहन सड़क किनारे अनियंत्रित रूप से खड़े न हो सकें और यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं विधायक संजय पाठक ने अधिकारियों से कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सड़क संबंधी खामियों को तत्काल दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।