जनसुनवाई में पुलिस ने सुनी जनता की आवाज, शिकायतों के त्वरित समाधान पर दिया जोर
जनसुनवाई में पुलिस ने सुनी जनता की आवाज, शिकायतों के त्वरित समाधान पर दिया जोर
कटनी।। आमजन की समस्याओं के समयबद्ध समाधान और पुलिस व्यवस्था को अधिक जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई। कार्यक्रम में पहुंचे नागरिकों की शिकायतों को अधिकारियों ने गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी एवं डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और किसी भी मामले को अनदेखा नहीं किया जाएगा।
जनसुनवाई में पारिवारिक विवाद, भूमि एवं प्लॉट संबंधी शिकायतें, महिला सुरक्षा, पुलिस सुनवाई, साइबर अपराध और आर्थिक लेन-देन से जुड़े मामलों सहित विभिन्न आवेदन प्राप्त हुए। साइबर शिकायतों के मामलों में नागरिकों को जागरूक रहने और शासन की गाइडलाइन का पालन करने की सलाह दी गई तथा आवश्यक मामलों को साइबर सेल को भेजा गया।अधिकारियों ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं बल्कि लोगों को समय पर न्याय और समाधान उपलब्ध कराना है, ताकि जनता का विश्वास प्रशासन और पुलिस व्यवस्था पर और मजबूत हो। साथ ही अन्य विभागों से संबंधित मामलों में नागरिकों को उचित विभाग से संपर्क करने की जानकारी भी दी गई।