एक वीडियो और कार्रवाई तय, स्टंट करने वाला चालक पकड़ाया,यातायात पुलिस की सख्त वैधानिक कार्यवाही यातायात नियमों से खिलवाड़ पड़ा भारी
एक वीडियो और कार्रवाई तय, स्टंट करने वाला चालक पकड़ाया,यातायात पुलिस की सख्त वैधानिक कार्यवाही यातायात नियमों से खिलवाड़ पड़ा भारी
कटनी।। सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक स्टंट करना एक ऑटो चालक को महंगा पड़ गया। वीडियो सामने आने के बाद यातायात पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित चालक की पहचान कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें एक ऑटो चालक सार्वजनिक मार्ग पर वाहन चलाते हुए खतरनाक स्टंट करता दिखाई दिया। इस घटना को संज्ञान में लेते हुए यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह द्वारा वीडियो का परीक्षण कराया गया और संबंधित चालक की पहचान कर मोटरयान अधिनियम एवं अन्य प्रचलित नियमों के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की हरकतें न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि चालक, यात्रियों और सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान को भी खतरे में डालती हैं। ऐसे मामलों में भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता या मनोरंजन के लिए सड़क को स्टंट का मंच न बनाएं। वाहन चलाते समय नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करें और किसी भी खतरनाक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।