रामपुर ग्राम में लोढ़ा पहाड़ वाले महाराज जी का आगमन, भक्तों में उत्साह का माहौल संत श्री के आशीर्वचन और दर्शन के लिए उमड़ेंगे श्रद्धालु, गेवी नाथ धाम में धार्मिक आयोजन की तैयारियां पूर्ण
रामपुर ग्राम में लोढ़ा पहाड़ वाले महाराज जी का आगमन, भक्तों में उत्साह का माहौल
संत श्री के आशीर्वचन और दर्शन के लिए उमड़ेंगे श्रद्धालु, गेवी नाथ धाम में धार्मिक आयोजन की तैयारियां पूर्ण
कटनी।। ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र के ग्राम रामपुर स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र सिद्ध स्थान गेवी नाथ धाम प्राचीन गढ़ी में बुधवार दोपहर श्री सिद्धन धाम लोढ़ा पहाड़ आश्रम वाले श्री बाल संत जी महाराज के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना हुआ है। संत श्री के आगमन की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्सुकता देखी जा रही है।
आयोजन से जुड़े लोगों के अनुसार, संत श्री के आगमन पर भक्तों को उनके आशीर्वचन, दर्शन एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार श्रद्धालु इसे अपने लिए पुण्य और सौभाग्य का अवसर मान रहे हैं।
ग्रामवासियों के बीच यह चर्चा भी बनी हुई है कि भगवान श्रीराम के नाम से जुड़े इस ग्राम में संत श्री के चरण पड़ने से क्षेत्र की धार्मिक पहचान और मजबूत होगी तथा लंबे समय से रुके हुए विकास कार्यों को भी नई गति मिलने की उम्मीद जगी है। स्थानीय श्रद्धालुओं का मानना है कि संतों का आगमन केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव और सेवा भाव का संदेश भी लेकर आता है।
ग्रामवासियों ने बताया कि लगभग 15 वर्ष पूर्व आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान भी संत श्री का ग्राम में आगमन हुआ था। लंबे अंतराल के बाद पुनः उनके आगमन से ग्रामीणों और भक्तों में विशेष हर्ष और उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम को लेकर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में तैयारियां की जा रही हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भक्तों ने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर संत श्री के दर्शन एवं आशीर्वचन का लाभ लेने की अपील की है।