बाउंड्री के अंदर गिरा विशालकाय पेड़, बड़ा हादसा टला मध्यान भोजन के दौरान स्कूल में मची अफरा-तफरी, बाल-बाल बचे मासूम बच्चे
बाउंड्री के अंदर गिरा विशालकाय पेड़, बड़ा हादसा टला
मध्यान भोजन के दौरान स्कूल में मची अफरा-तफरी, बाल-बाल बचे मासूम बच्चे
कटनी।। शासकीय प्राथमिक शाला मझगवा में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लगातार हो रही बारिश के बीच स्कूल परिसर में खड़ा एक विशालकाय पेड़ अचानक जड़ सहित उखड़कर बाउंड्रीवाल के अंदर गिर पड़ा। गनीमत रही कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय बच्चे मध्यान भोजन कर रहे थे और पेड़ की चपेट में कोई नहीं आया। यदि कुछ पल पहले या बाद में यह पेड़ गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय तेज बारिश हो रही थी। पेड़ गिरते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पेड़ बाउंड्रीवाल पर गिरने के साथ ही बिजली की लाइन भी उसकी चपेट में आ गई, जिससे विद्युत तार टूट गए। घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे करंट फैलने जैसी किसी गंभीर दुर्घटना की आशंका टल गई। स्कूल प्रबंधन ने भी तत्काल बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में स्कूल परिसरों में खड़े जर्जर और विशाल पेड़ों का समय रहते निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। इस घटना में किसी भी छात्र, शिक्षक या कर्मचारी को चोट नहीं आई।
