रजिस्ट्रार कार्यालय एवं नोटरी कार्यालय में चला “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान, पंपलेट, स्टिकर एवं बैनर के माध्यम से किया जागरूक

0

रजिस्ट्रार कार्यालय एवं नोटरी कार्यालय में चला “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान, पंपलेट, स्टिकर एवं बैनर के माध्यम से किया जागरूक
कटनी।। जिलेभर में संचालित “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत थाना प्रभारी यातायात अनूप सिंह द्वारा रजिस्ट्रार कार्यालय एवं नोटरी कार्यालय परिसर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान थाना प्रभारी यातायात अनूप सिंह एवं पुलिस टीम ने अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकगण, कार्यालयीन कर्मचारियों, पक्षकारों तथा आम नागरिकों से संवाद कर साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए, जागरूकता स्टिकर लगाए गए तथा बैनरों के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया गया। नागरिकों को बताया गया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी फर्जी लिंक, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम, सोशल मीडिया हैकिंग, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश, पार्ट-टाइम जॉब, केवाईसी अपडेट, बिजली बिल, बैंक अधिकारी बनकर कॉल करने तथा अन्य ऑनलाइन माध्यमों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे किसी भी प्रलोभन, दबाव अथवा संदिग्ध संदेश पर विश्वास न करने तथा किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंक खाता विवरण, एटीएम/डेबिट कार्ड नंबर, सीवीवी, यूपीआई पिन, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई। अभियान के दौरान उपस्थित लोगों को यह भी बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी की घटना होती है, तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर आर्थिक नुकसान को रोका जा सके।
थाना यातायात द्वारा आमजन से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दें। जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed