कलेक्टर के निर्देश पर ग्राम निमास में जलभराव की समस्या का समाधान, प्रशासन ने हटाया अवरोध
कलेक्टर के निर्देश पर ग्राम निमास में जलभराव की समस्या का समाधान, प्रशासन ने हटाया अवरोध
कटनी।। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण की दिशा में जिला प्रशासन ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए स्लीमनाबाद तहसील के ग्राम निमास में पिछले छह माह से बनी जलभराव की समस्या का समाधान कराया। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और जल निकासी में बाधा बन रहे अवरोध को हटाकर सीमेंट पाइप डलवाए, जिससे क्षेत्र में पानी की निकासी सुचारू हो गई।
जानकारी के अनुसार, 16 जून की जनसुनवाई में ग्राम निमास के सुखलाल मेहरा सहित वार्ड क्रमांक 10 एवं 11 के ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों द्वारा जल निकासी का रास्ता बंद कर दिए जाने से पिछले छह माह से क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी हुई थी। इससे स्थानीय रहवासियों, महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था तथा गंदा पानी जमा रहने से संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने स्लीमनाबाद तहसीलदार आकाशदीप नामदेव को तत्काल स्थल निरीक्षण कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में शुक्रवार को तहसीलदार पुलिस बल के साथ ग्राम निमास पहुंचे। प्रशासनिक टीम ने ग्रामीणों की मौजूदगी में निरीक्षण कर जल निकासी में बाधक बनी मेढ़ को हटवाया तथा आवश्यक स्थान पर सीमेंट पाइप डलवाए।
कार्रवाई के बाद वार्ड क्रमांक 10 एवं 11 में लंबे समय से जमा पानी की निकासी शुरू हो गई, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जनसुनवाई में उठाई गई समस्या का समयबद्ध समाधान होने से शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।