जंतर-मंतर में युवाओं के आंदोलन को मिला युवा कांग्रेस, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही का समर्थन

0

नई दिल्ली। भारतीय युवा कांग्रेस के आह्वान पर नई दिल्ली के जंतर-मंतर में युवाओं के अधिकारों, रोजगार, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर चल रहे विशाल धरना-प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ के जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही से युवा कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल सक्रिय रूप से शामिल हुआ। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमन शर्मा ने किया। उनके साथ जिला महासचिव रवि राय एवं जिला उपाध्यक्ष एवनपाल पैकरा भी आंदोलन में शामिल हुए।

 

धरना-प्रदर्शन में देशभर से बड़ी संख्या में युवा प्रतिदिन अपनी आवाज़ बुलंद कर रहे हैं। आंदोलन में शामिल युवाओं की प्रमुख मांग है कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, प्रतियोगी परीक्षाओं में होने वाली अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगे तथा युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न हो। जिला युवा कांग्रेस, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही इन सभी न्यायोचित मांगों का पूर्ण समर्थन करती है।

 

जिला अध्यक्ष अमन शर्मा ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य, रोजगार और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित है। केंद्र सरकार को युवाओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में हुई गंभीर अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए तथा सरकार को युवाओं के हित में शीघ्र ठोस एवं प्रभावी निर्णय लेना चाहिए।

 

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी भी आंदोलन में शामिल हुए और युवाओं के संघर्ष के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। इसके पश्चात उन्होंने गांधी स्मृति पहुँचकर उन विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनकी मृत्यु कथित रूप से NEET परीक्षा से जुड़े तनाव और परिस्थितियों के दौरान हुई। उन्होंने युवाओं के भविष्य की रक्षा, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था तथा शिक्षा प्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

 

जिला महासचिव रवि राय ने कहा कि देश का प्रत्येक युवा निष्पक्ष अवसर और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली का अधिकार रखता है। वहीं जिला उपाध्यक्ष एवनपाल पैकरा ने कहा कि युवा कांग्रेस देशभर के युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उनके अधिकारों की लड़ाई लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से लड़ती रहेगी।

 

जिला युवा कांग्रेस, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ने केंद्र सरकार से मांग की है कि युवाओं की न्यायोचित मांगों को तत्काल स्वीकार किया जाए, शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार किए जाएं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं। संगठन ने स्पष्ट किया कि जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिलता, तब तक युवा कांग्रेस उनके संघर्ष में मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!