पोल शिफ्टिंग में एकरूपता की मांग: भाजपा युवा मोर्चा जिला मंत्री ने नगर पालिका से मांगे मानक, सौंपा ज्ञापन
शहडोल। न्यू बस स्टैंड से बुढ़ार चौक तक निर्माणाधीन मॉडल रोड परियोजना के अंतर्गत चल रहे विद्युत पोल शिफ्टिंग कार्य को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला मंत्री एवं पार्षद अनमोल सोनी ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी, शहडोल को ज्ञापन सौंपकर कार्य में अपनाए जा रहे मापदंडों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि सड़क निर्माण से पहले अतिक्रमण हटाने के बाद पोल शिफ्टिंग का कार्य प्रारंभ किया गया है, लेकिन स्थानीय नागरिकों द्वारा यह शिकायत की जा रही है कि कुछ स्थानों पर सड़क के सेंटर से पोल की दूरी तथा एक पोल से दूसरे पोल के बीच की दूरी समान नहीं रखी जा रही है।ज्ञापन के अनुसार, प्रस्तावित दूरी 8.5 मीटर तथा पोलों के बीच लगभग 30 मीटर (100 फीट) बताई गई है, जबकि कुछ स्थानों पर इससे अलग माप दिखाई देने की बात कही गई है। ऐसे में नागरिकों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
अनमोल वर्मा ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि पोल शिफ्टिंग में अपनाए जा रहे तकनीकी मानकों की स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जाए तथा पूरे मार्ग में सभी नागरिकों के साथ समान मापदंड अपनाकर कार्य कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार के भेदभाव की आशंका न रहे।
उल्लेखनीय है कि न्यू बस स्टैंड से इंदिरा चौक मार्ग पर मॉडल रोड निर्माण एवं विद्युत पोल शिफ्टिंग का कार्य नगर पालिका द्वारा कराया जा रहा है। हाल के समय में इस सड़क की चौड़ाई और निर्माण कार्य को लेकर प्रशासन एवं व्यापारियों के बीच कई दौर की चर्चा भी हो चुकी है।