श्रीराम अस्पताल की पहल, जिला चिकित्सालय में हर सोमवार मिलेगी यूरोलॉजिस्ट की निःशुल्क सेवा

शहडोल। जिला चिकित्सालय में यूरोलॉजी विशेषज्ञ की लंबे समय से कमी के कारण किडनी, मूत्रनली, मूत्राशय, प्रोस्टेट और पथरी जैसी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को विशेषज्ञ उपचार के लिए निजी अस्पतालों या बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। अब ऐसे मरीजों को राहत मिलने जा रही है। श्रीराम अस्पताल की पहल पर यूरोलॉजिस्ट एवं मूत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. हिमांशु पांडेय प्रत्येक सोमववार सुबह 10 बजे से 1 बजे तक जिला चिकित्सालय में पहुंचकर मरीजों का निःशुल्क परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श देंगे।
इस नई व्यवस्था से खासतौर पर दूरदराज के ग्रामीण इलाकों से आने वाले मरीजों को बड़ा लाभ मिलेगा। अब उन्हें सामान्य जांच और विशेषज्ञ सलाह के लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाकर बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। जिला चिकित्सालय में ही यूरोलॉजी संबंधी बीमारियों का विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध हो सकेगा।
जनहित में सराहनीय पहल
जिला चिकित्सालय में यूरोलॉजी विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में श्रीराम अस्पताल द्वारा अपने विशेषज्ञ चिकित्सक की सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराना स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सहयोग माना जा रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को भी बिना किसी शुल्क के विशेषज्ञ सलाह का लाभ मिलेगा।
इन रोगों के मरीजों को मिलेगा लाभ
डॉ. हिमांशु पांडे प्रत्येक सोमवार किडनी संबंधी समस्याएं, मूत्रनली एवं मूत्राशय के रोग, प्रोस्टेट की समस्या, पथरी, बार-बार या रुक-रुक कर पेशाब आने, पेशाब में जलन, मूत्र संक्रमण सहित विभिन्न यूरोलॉजी एवं मूत्र रोगों से पीड़ित मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और उपचार संबंधी मार्गदर्शन देंगे।