धनपुरी-बुढार अस्पतालों में रेबीज वैक्सीन खत्म, मरीजों को निजी दुकानों का सहारा; कांग्रेस ने उठाए सवाल

0
शहडोल। जिले के धनपुरी और बुढार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रेबीज वैक्सीन  उपलब्ध नहीं होने का मामला सामने आया है। इस मुद्दे को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव प्रदीप सिंह ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए तत्काल वैक्सीन उपलब्ध कराने की मांग की है।
प्रदीप सिंह ने कहा कि कुत्ते, बंदर अथवा अन्य जानवरों के काटने के बाद रेबीज से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी होता है। लेकिन दोनों अस्पतालों में इंजेक्शन उपलब्ध नहीं होने से मरीजों को निजी मेडिकल दुकानों से महंगे दामों पर वैक्सीन खरीदनी पड़ रही है। इसका सबसे अधिक असर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि बुढार और धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में रेबीज वैक्सीन जैसी आवश्यक जीवनरक्षक दवा का स्टॉक खत्म होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि समय पर टीका नहीं लगने से मरीजों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
प्रदेश सचिव ने शासन के बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकारी अस्पतालों में आवश्यक दवाएं और टीके ही उपलब्ध नहीं होंगे तो आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं कैसे मिलेंगी। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था की नियमित निगरानी और आवश्यक दवाओं की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।
प्रदीप सिंह ने स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि धनपुरी और बुढार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में तत्काल पर्याप्त मात्रा में रेबीज वैक्सीन उपलब्ध कराई जाए, ताकि मरीजों को निःशुल्क एवं समय पर उपचार मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र व्यवस्था नहीं की गई तो इसका सबसे अधिक नुकसान ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों को उठाना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!