अवैध शराब, गांजा और सट्टे के विरोध में अमीरगंज में चक्का जाम क्षेत्रवासियों ने अपराधी तत्वों पर कार्रवाई और कथित संरक्षण की जांच की मांग, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच का भी आग्रह
अवैध शराब, गांजा और सट्टे के विरोध में अमीरगंज में चक्का जाम
क्षेत्रवासियों ने अपराधी तत्वों पर कार्रवाई और कथित संरक्षण की जांच की मांग, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच का भी आग्रह
कटनी।। माधवनगर थाना क्षेत्र के अमीरगंज स्थित रविंद्रनाथ टैगोर वार्ड में कथित अवैध शराब, गांजा, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों को लेकर मंगलवार को क्षेत्रवासियों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने सड़क पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस एवं प्रशासन से क्षेत्र में संचालित बताई जा रही अवैध गतिविधियों पर तत्काल अंकुश लगाने तथा संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि अमीरगंज के अलावा आसपास के चांदमारी मोहल्ला, पड़वारा मोहल्ला और छहरी गांव में लंबे समय से अवैध शराब एवं गांजा बिक्री जैसी गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रही हैं। उनका कहना है कि नशे से जुड़ी गतिविधियों के चलते क्षेत्र में विवाद, मारपीट, महिलाओं से अभद्रता, छींटाकशी सहित अन्य असामाजिक घटनाओं का खतरा बना रहता है। इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।

कथित संरक्षण के आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
क्षेत्रवासियों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में स्थानीय पार्षद विनोद यादव उर्फ भुट्टू यादव पर सुशील यादव नामक व्यक्ति को कथित रूप से संरक्षण देने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि अवैध गतिविधियों का विरोध करने वाले लोगों पर दबाव बनाने तथा मारपीट जैसी घटनाओं की शिकायतें भी सामने आई हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में सुशील यादव, पिता चरखा यादव, निवासी अमीरगंज के संबंध में पूर्व में दर्ज बताए जा रहे आपराधिक प्रकरणों एवं वर्तमान गतिविधियों की भी जांच कराने की मांग की गई। शिकायतकर्ताओं ने आरोप सत्य पाए जाने की स्थिति में वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने तथा आवश्यकता होने पर जिला बदर जैसी कार्रवाई पर भी विचार करने का आग्रह किया।
शासकीय भूमि पर कब्जे और निर्माण की जांच की मांग
विरोध प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रवासियों ने अमीरगंज में शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे और दुकान-मकान निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने राजस्व विभाग एवं नगर निगम से संबंधित भूमि का सीमांकन कराने, राजस्व अभिलेखों एवं निर्माण संबंधी दस्तावेजों की जांच करने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जांच में निर्माण अथवा कब्जा अवैध पाया जाता है तो नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जानी चाहिए।
नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की मांग
ज्ञापन में क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की मांग भी की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन द्वारा समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जा सकता है। क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ कार्रवाई की नहीं, बल्कि क्षेत्र में कथित अवैध गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की है।