जनसुनवाई में पुलिस अधिकारियों ने सुनी आमजन की समस्याएं, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
जनसुनवाई में पुलिस अधिकारियों ने सुनी आमजन की समस्याएं, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
कटनी।। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आमजन की शिकायतों के निराकरण के लिए जनसुनवाई आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में आयोजित जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी शिवा पाठक, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी, एसडीओपी विजयराघवगढ़ धीरेन्द्र धार्वे तथा डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदक की शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं साइबर सेल को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों के मामलों में फरियादियों को शासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह भी दी गई।
जनसुनवाई में पारिवारिक विवाद, आपसी विवाद, पैसों के लेन-देन, पुलिस द्वारा सुनवाई न होने की शिकायतें, भूमि एवं प्लॉट संबंधी धोखाधड़ी, महिला अपराध सहित पुलिस से जुड़े विभिन्न मामलों के आवेदन प्राप्त हुए। वहीं, अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों पर आवेदकों को संबंधित विभाग में संपर्क करने की समझाइश दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों में शीघ्र, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को समय पर न्याय और राहत मिल सके।