ट्रेन छूटी….जंगल में दरिंदगी,न सुराग….न गवाह… फिर भी शिकंजे में आया दरिंदा, रीठी पुलिस ने कर दिखाया कमाल, 900 ऑटो चालकों की जांच के एक महीने बाद पकड़ा गया मुख्य आरोपी
ट्रेन छूटी….जंगल में दरिंदगी,न सुराग….न गवाह… फिर भी शिकंजे में आया दरिंदा, रीठी पुलिस ने कर दिखाया कमाल, 900 ऑटो चालकों की जांच के एक महीने बाद पकड़ा गया मुख्य आरोपी
कटनी।। एक ऐसी वारदात, जिसने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी थी। न कोई सुराग, न कोई चश्मदीद और न ही आरोपी की पहचान…लेकिन करीब एक महीने की कड़ी मशक्कत के बाद रीठी पुलिस ने इस ब्लाइंड केस का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आखिर पुलिस आरोपी तक कैसे पहुंची,
कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र में हुई कथित सामूहिक दुष्कर्म की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी दिनेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, 14 जून को दिल्ली से छत्तीसगढ़ जा रही एक महिला मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर पानी लेने उतरी थी। इसी दौरान ट्रेन छूट गई। आरोप है कि स्टेशन के बाहर एक व्यक्ति ने मंदिर दर्शन कराने का झांसा देकर महिला को ऑटो में बैठाया और रीठी रोड के जंगल में ले जाकर अपने एक साथी के साथ दुष्कर्म किया। घटना के अगले दिन महिला रीठी क्षेत्र में मिली, लेकिन मानसिक स्थिति सामान्य नहीं होने के कारण वह पुलिस को कुछ भी नहीं बता सकी। इलाज के बाद जब महिला की हालत में सुधार हुआ तो उसने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद दिल्ली में मामला दर्ज हुआ और जांच कटनी पुलिस को सौंपी गई।
यह मामला पुलिस के लिए किसी ब्लाइंड केस से कम नहीं था। न कोई पहचान, न कोई स्पष्ट सुराग और न ही आरोपी का कोई रिकॉर्ड। ऐसे में रीठी पुलिस ने तकनीकी जांच के साथ इलाके के करीब 800 से 900 ऑटो चालकों की जांच की।
लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का शक ऑटो चालक दिनेश चौधरी पर गया। पूछताछ में आरोपी की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया और वारदात में इस्तेमाल ऑटो भी जब्त कर लिया गया। अब पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है। बिना किसी शुरुआती सुराग के एक महीने पुराने इस मामले का खुलासा करना रीठी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती था। फिलहाल मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

एसपी अभिनय विश्वकर्मा
यह मामला बेहद चुनौतीपूर्ण था। तकनीकी जांच और पुलिस टीम की लगातार मेहनत से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

क्या हैं पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, 14 जून 2026 को मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला अपने बच्चों के साथ दिल्ली से छत्तीसगढ़ जा रही थी। मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर पानी लेने के दौरान ट्रेन छूट गई। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर दर्शन कराने का झांसा देकर महिला को ई-रिक्शा में बैठाया और रीठी रोड स्थित पांसरा स्टेशन के पास जंगल में ले जाकर अपने एक साथी के साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया। अगले दिन महिला रीठी क्षेत्र में सड़क किनारे मिली, लेकिन मानसिक स्थिति सामान्य नहीं होने के कारण वह घटना के बारे में कुछ भी नहीं बता सकी। पुलिस ने उसका उपचार कराया और परिजनों को बुलाकर उनके साथ दिल्ली भेज दिया। बाद में इलाज के दौरान जब महिला की मानसिक स्थिति सामान्य हुई, तब उसने अपने भाई को पूरी घटना बताई। इसके बाद दिल्ली के सफदरजंग थाने में मामला दर्ज हुआ और केस डायरी कटनी भेजी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीओपी रत्नेश मिश्रा और रीठी थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
करीब एक माह पुरानी घटना होने और आरोपी पूरी तरह अज्ञात होने के कारण जांच बेहद कठिन थी। पुलिस के पास न सीसीटीवी का स्पष्ट सुराग था, न प्रत्यक्षदर्शी और न ही आरोपी की पहचान। इसके बावजूद टीम ने हार नहीं मानी और क्षेत्र के लगभग 800 से 900 ऑटो चालकों की गहन जांच और स्कैनिंग की।
तकनीकी साक्ष्यों और पीड़िता द्वारा बताए गए ऑटो के विवरण के आधार पर पुलिस का संदेह जमुनिया निवासी ऑटो चालक दिनेश चौधरी पर गया। लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के बाद आरोपी की संलिप्तता सामने आई। पुलिस पूछताछ में आरोपी दिनेश चौधरी ने वारदात में शामिल होना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसका ऑटो (MP 21 ZJ 6903) जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब न्यायालय से पुलिस रिमांड लेकर दूसरे आरोपी की तलाश और मामले की आगे की विवेचना की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में तकनीकी जांच, लगातार फील्ड वर्क और टीम की सतर्कता के चलते बिना किसी शुरुआती सुराग के मुख्य आरोपी तक पहुंचना संभव हो सका। दूसरे आरोपी की तलाश जारी है और जांच अभी भी प्रगति पर है।
