तिजोरी तोड़ी, लाखों उड़ाए….बरही पुलिस ने खोल दिया चोरी का राज, वारदात का क्लाइमेक्स,25 लाख के जेवर बरामद….तीन आरोपी अब भी फरार,निकला पारधी गैंग का कनेक्शन दिनदहाड़े सूने मकान का दरवाजा तोड़कर दिया था वारदात को अंजाम
तिजोरी तोड़ी, लाखों उड़ाए….बरही पुलिस ने खोल दिया चोरी का राज, वारदात का क्लाइमेक्स,25 लाख के जेवर बरामद….तीन आरोपी अब भी फरार,निकला पारधी गैंग का कनेक्शन
दिनदहाड़े सूने मकान का दरवाजा तोड़कर दिया था वारदात को अंजाम

कटनी/बरही।। बरही थाना क्षेत्र में व्यापारी के सूने मकान में दिनदहाड़े हुई करीब 20 से 25 लाख रुपए की बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से करीब 25 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की स्विफ्ट कार भी पुलिस ने जब्त की है। मामले में शामिल तीन अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को प्रमोद लखेरा ने बरही थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह वार्ड नंबर 11, खितौली रोड, होंडा एजेंसी के सामने स्थित अपने नए मकान में रहता है। 23 जुलाई को दोपहर करीब 12:30 बजे से शाम 5:45 बजे के बीच अज्ञात चोर पीछे का दरवाजा तोड़कर मकान में घुसे और तिजोरी में रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा 80 हजार रुपए नगद चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 20 से 25 लाख रुपए बताई गई थी।

पुलिस ने प्रकरण क्रमांक 544/2026 के तहत धारा 331(3), 305(अ) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना स्थल के निरीक्षण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को एक संदिग्ध के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान बनुसकोर पिता मांगीलाल पारधी, उम्र 32 वर्ष, निवासी त्रिवेणी, थाना गुनगा, जिला भोपाल पर पुलिस का संदेह गहराया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। थाना बरही से उप निरीक्षक नरेश झारिया, प्रधान आरक्षक नरेंद्र पटेल और आरक्षक रामकृष्ण पटेल को भोपाल की ओर रवाना किया गया। पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर तलाश की, लेकिन वह वहां नहीं मिला। बाद में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अथक प्रयास करते हुए हीरापुर पारधी टोला, बरही से बनुसकोर पारधी को पकड़ लिया।
पूछताछ में चार आरोपियों के नाम सामने आए
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों छुपे राजा पारधी, दंगा पारधी और कचरु पारधी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर खिरहनी पारधी टोला से करीब 25 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए। घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की स्विफ्ट कार भी पुलिस ने बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं मामले के तीन अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश और पतासाजी कर रही है। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बरही निरीक्षक अरविंद कुमार चौबे, उप निरीक्षक नरेश झारिया, उप निरीक्षक अरुण पाल सिंह, प्रधान आरक्षक नरेंद्र पटेल, आरक्षक अमित सिंह, आरक्षक रूपेंद्र, आरक्षक रामकृष्ण पटेल, साइबर सेल से अजय साकेत एवं निरीक्षक अभिषेक प्यासी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह कार्रवाई पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है, क्योंकि दिनदहाड़े हुई लाखों रुपए की इस चोरी में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंचकर चोरी का अधिकांश माल बरामद कर लिया।
