ढीमरखेड़ा पुलिस ने हत्या के आरोपियों को 48 घंटे में दबोचा, तीन आरोपी गिरफ्तार कर भेजे जेल
ढीमरखेड़ा पुलिस ने हत्या के आरोपियों को 48 घंटे में दबोचा, तीन आरोपी गिरफ्तार कर भेजे जेल
कटनी।। ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में मारपीट के दौरान हुई प्रहलाद कोल की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को सुखबरा बाई पति प्रहलाद कोल, निवासी ग्राम खम्हरिया, ने थाना ढीमरखेड़ा में मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 425/26 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान 29 जुलाई को मारपीट में गंभीर चोट लगने के कारण प्रहलाद कोल की मृत्यु हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में धारा 103(1), 61, 331(6), 3(5) बीएनएस का इजाफा किया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए पतासाजी शुरू की।
पुलिस की कार्रवाई के परिणामस्वरूप 30 जुलाई को विदेशी उर्फ परदेशी कोल, रामरतन कोल एवं कुलसिया बाई कोल, सभी निवासी ग्राम खम्हरिया, को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, प्रकरण में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश और पतासाजी पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन तथा थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में की गई।
पुलिस कार्रवाई में सउनि जयपाल सिंह, सउनि विजेन्द्र तिवारी, प्रधान आरक्षक दीपक श्रीवास, आरक्षक पंकज सिंह, देवेन्द्र अहिरवार, अजय धुर्वे एवं गंधर्व सिंह की विशेष भूमिका रही।