देवलोंद में ट्रैक्टर की चपेट में चाचा की मौत, भतीजा घायल; प्रारंभिक जांच के बाद हत्या का मामला दर्ज, प्रेम प्रसंग को लेकर चर्चाएं तेज
शहडोल। जिले के देवलोंद थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मगरदहा अंतर्गत धरी नंबर-01 में सोमवार देर रात हुई घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ट्रैक्टर की चपेट में आने से रामप्रताप कोरी (45) की मौत हो गई, जबकि उनके भतीजे दुर्गा कोरी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का उपचार बाणसागर परियोजना चिकित्सालय में जारी है। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है।स्थानीय सूत्रों एवं ग्रामीणों के बीच चल रही चर्चाओं के अनुसार, बीते कुछ समय से दो परिवारों के बीच कथित प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले दोनों परिवारों के मुखियाओं के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी और विवाद भी हुआ था। गांव में यह चर्चा भी है कि विवाद के दौरान एक-दूसरे को धमकियां दिए जाने की बात सामने आई थी। हालांकि प्रेम प्रसंग और पूर्व विवाद से जुड़ी इन बातों की पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना के बाद परिजनों ने इसे साधारण सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते जानबूझकर ट्रैक्टर चढ़ाया गया। वहीं कुछ ग्रामीण इसे तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला भी बता रहे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।
सूत्रों के अनुसार, घटना रामजी पंडित के घर के पास हुई। ट्रैक्टर और उसके चालक को लेकर भी ग्रामीणों के बीच कई तरह की बातें सामने आ रही हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं तथा संबंधित लोगों से पूछताछ की है।
घटना के बाद कोरी समाज के लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। इसी बीच पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद मामले में हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल घटना को लेकर प्रेम प्रसंग, पुरानी रंजिश और सुनियोजित वारदात जैसी कई बातें स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं, लेकिन इन पहलुओं पर अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।