जनसैलाब ने लिखी हरित क्रांति की नई इबारत अमृत हरित महाअभियान में 11 हजार पौधों का रोपण एक पौधा–हर नागरिक के संकल्प ने अमृत हरित महाअभियान को बनाया जनआंदोलन
जनसैलाब ने लिखी हरित क्रांति की नई इबारत
अमृत हरित महाअभियान में 11 हजार पौधों का रोपण
एक पौधा–हर नागरिक के संकल्प ने अमृत हरित महाअभियान को बनाया जनआंदोलन

कटनी। पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए नगर पालिक निगम ने शुक्रवार को अमकुही फिल्टर हाउस परिसर में आयोजित अमृत हरित महाअभियान के तहत लगभग 11 हजार पौधों का रोपण कर हरित कटनी की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक और निगमायुक्त तपस्या परिहार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, समाजसेवियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों और हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम की शुरुआत जनप्रतिनिधियों द्वारा पौधारोपण के साथ हुई। इस अवसर पर सभी ने पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण और संवर्धन का भी संकल्प लिया। अभियान के दौरान करंज, नीम, पीपल, बरगद, कदंब, शीशम, गुलमोहर, हर्रा, बहेरा, आंवला सहित अनेक छायादार एवं फलदार प्रजातियों के पौधे लगाए गए, जो आने वाले वर्षों में शहर की हरियाली और पर्यावरण संतुलन को मजबूत करेंगे।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण ही मानव जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा है। यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प ले, तो कटनी को हराभरा और प्रदूषणमुक्त शहर बनने से कोई नहीं रोक सकता।
निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं। पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर समाज को स्वच्छ वायु, छाया और बेहतर पर्यावरण प्रदान करें।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने बताया कि अमकुही फिल्टर हाउस में 11 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। उन्होंने नागरिकों से घर, विद्यालय, कार्यालय और सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण कर उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही “ग्रीन एंड क्लीन कटनी” का सपना साकार होगा।
कार्यक्रम में नगर निगम के जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों, जिला औद्योगिक संघ, लघु उद्योग भारती, सामाजिक संगठनों, स्वयं सहायता समूहों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता ने इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मील का पत्थर
अमृत हरित महाअभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण, बेहतर जलवायु और हरित भविष्य का मजबूत संकल्प है। यदि लगाए गए पौधों का नियमित संरक्षण किया गया, तो यह अभियान कटनी को पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध, प्रदूषणमुक्त और अधिक हराभरा बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यही इस अभियान की सबसे बड़ी सफलता और वास्तविक उपलब्धि होगी।