सिंधु भवन गुरुद्वारा में कल गूंजेगा हरि नाम का जयघोष, श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा चंद्रदर्शन पर्व

बालाघाट से पहुंचेंगे संत-साईं महेश लाल जी, सत्संग के बाद होगी आरती, पल्लव और अरदास
शहडोल। पूज्य सिंधी पंचायत बुढ़ार-धनपुरी के तत्वावधान में चंद्रदर्शन का पावन पर्व शुक्रवार, 14 अगस्त को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर सिंधु भवन गुरुद्वारा में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु शामिल होंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:30 बजे होगा। आयोजन में विशेष रूप से बालाघाट से पधारे श्री हरि नाम कीर्तन मंडल के संत-साईं महेश लाल जी श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक एवं प्रेरक सत्संग प्रदान करेंगे। सत्संग के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, आध्यात्मिकता और सद्भाव का संदेश दिया जाएगा।
सत्संग के बाद होगी आरती और अरदास
सत्संग के पश्चात धार्मिक विधि-विधान के साथ आरती, पल्लव एवं अरदास का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए नाश्ता एवं प्रसाद की व्यवस्था भी आयोजकों द्वारा की गई है।
पूज्य सिंधी पंचायत ने पंचों, माताओं-बहनों सहित समाज के सभी श्रद्धालुओं से निर्धारित समय पर सिंधु भवन गुरुद्वारा पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागी बनने की अपील की है। आयोजकों ने कहा कि चंद्रदर्शन पर्व केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि समाज को भक्ति, आध्यात्मिकता और आपसी भाईचारे से जोड़ने का अवसर भी है।
उन्होंने समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संत-साईं महेश लाल जी के सत्संग का लाभ लेने तथा चंद्रोत्सव को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने का आग्रह किया है।