रैम्प के अंतर्गत शहडोल में दो दिवसीय कार्यशाला एवं कैंप का आयोजन

0

उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों को शासन की योजनाओं, गुणवत्ता सुधार एवं व्यवसाय के औपचारिकीकरण की दी गई जानकारी

 

शहडोल। रैम्प (Raising and Accelerating MSME Performance) के अंतर्गत शहडोल में दो दिवसीय कार्यशाला एवं कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ वित्तीय जागरूकता, व्यवसाय के औपचारिकीकरण, गुणवत्ता सुधार, बौद्धिक संपदा एवं सतत व्यवसाय संचालन के प्रति जागरूक करना रहा।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जयसिंहनगर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह जी उपस्थित रहीं। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेकर अपने व्यवसाय को सुचारू रूप से संचालित करें तथा निरंतर आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि योजनाओं की जानकारी और उनका प्रभावी उपयोग उद्यमियों के व्यवसाय को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

 

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष श्री संतोष लोहानी जी उपस्थित रहे। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, शहडोल के महाप्रबंधक श्री मनीष अलावा जी एवं प्रबंधक श्रीमती जूही खटीक जी द्वारा केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रतिभागियों को दी गई। उन्होंने उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों से उपलब्ध योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने व्यवसाय का विस्तार करने की अपील की।

 

जिला व्यापारी संघ के अध्यक्ष श्री लक्ष्मण गुप्ता जी ने अपने संबोधन में कहा कि अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जुड़ना चाहिए, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ाने और बेरोजगारी की समस्या के समाधान में सहायता मिल सके। वहीं, लघु उद्योग भारती, शहडोल के जिलाध्यक्ष श्री देवेन्द्र गुप्ता जी ने कहा कि जिले में लघु उद्योग स्थापित करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। उन्होंने उद्यमियों से शासन की योजनाओं का लाभ लेकर जिले में उद्योग एवं व्यवसाय को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के सचिव श्री रविन्द्र गुप्ता जी, संरक्षक श्री सुशील सिंघल जी, एनआरएलएम के डीपीएम श्री अजय सिंह जी सहित अन्य गणमान्यजन एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

 

दो दिवसीय कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को MSME Startup Policy, RAMP, ZED (Zero Defect Zero Effect), IPR (Intellectual Property Rights), GI (Geographical Indication), SHG Formalization, Financial Awareness, ESG (Environmental, Social & Governance) एवं RECP (Resource Efficient and Cleaner Production) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी एवं व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

 

कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यवसाय को औपचारिक रूप देने, वित्तीय प्रबंधन को बेहतर बनाने, उत्पाद एवं सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करने, बौद्धिक संपदा की सुरक्षा, स्थानीय उत्पादों की पहचान एवं ब्रांडिंग, संसाधनों के कुशल उपयोग तथा पर्यावरणीय एवं सामाजिक रूप से जिम्मेदार व्यवसाय संचालन के लिए आवश्यक जानकारी दी गई।

 

रैम्प के अंतर्गत आयोजित यह कार्यशाला एवं कैंप जिले के उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों को शासन की योजनाओं से जोड़ने, उनकी क्षमताओं को मजबूत करने तथा व्यवसायों को अधिक प्रतिस्पर्धी, गुणवत्तापूर्ण एवं सतत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed