ढीमरखेड़ा में संभागायुक्त ने परखी योजनाओं की जमीनी हकीकत, लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश
ढीमरखेड़ा में संभागायुक्त ने परखी योजनाओं की जमीनी हकीकत, लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश

कटनी।। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत संभागायुक्त धनंजय सिंह द्वारा जिले के ढीमरखेड़ा विकासखण्ड अंतर्गत नियत रोस्टर क्षेत्र का भ्रमण कर शासकीय योजनाएं,कार्यक्रमों का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान गौरा में उपस्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का अवलोकन किया। स्वास्थ्य केंद्र में दवाइयों एवं उपकरणों की उपलब्धता की जानकारी भी ली। संभागायुक्त द्वारा जननी सुरक्षा योजना तथा प्रसूति सहायता योजना के लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए। उल्लेखनीय है कि संभागायुक्त द्वारा
स्वास्थ्य एवं पोषण सेक्टर की सतत समीक्षा की जाने से मातृत्व मृत्यु दर में कमी आई है। ग्राम हल्का में शासकीय माध्यमिक शाला के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं शैक्षणिक गुणवत्ता का आंकलन किया। विभागीय अधिकारियों से बच्चों के नामांकन एवं ड्रॉपआउट, पाठ्य पुस्तक वितरण की प्रगति लेकर बच्चों से गुणवत्ता पूर्ण मध्याह्न भोजन मिलने की स्थिति का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान हल्का आंगनबाड़ी केंद्र का
निरीक्षण कर पंजीकृत एवं उपस्थित बच्चों की जानकारी ली। उन्होंने गंभीर कुपोषित ( एसएएम) एवं मध्यम कुपोषित( एमएएम) बच्चों के समुचित पोषण की नियमित मॉनिटरिंग, एनआरसी में प्रवेश देकर उनके स्वास्थ्य संवर्धन हेतु लगातार प्रयास किए जाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को मौके पर दिए तथा निर्देशित किया कि आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण, पोषण आहार वितरण एवं विभागीय गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा संबंधित सीडीपीओ एवं सुपरवाइजर द्वारा सुनिश्चित किया जाये। आंगनवाड़ी केंद्र की निरीक्षण पंजी अनुसार परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास तथा सुपरवाइजर द्वारा लंबे समय से निरीक्षण नहीं करने के लिए सम्बन्धित सीडीपीओ एवं सुपरवाइजर के विरुद्ध एक-एक वेतनवृद्धि रोकने की कार्यवाही हेतु कलेक्टर को निर्देश दिए ।
संभागायुक्त धनंजय सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिलोंडी का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों से उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मेडिकल ऑफिसर से उपलब्ध दवाईयां, उपकरणों की जानकारी लेकर संगत अभिलेख, पंजी आदि अद्यतन संधारण के निर्देश दिए।
संभागायुक्त भ्रमण पश्चात् उप तहसील कार्यालय में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में सम्मलित हुए। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर द्वारा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत लंबित सीएम हेल्पलाइन के निराकरण की स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि अभियान अंतर्गत 6 हजार से अधिक शिकायतों का निराकरण विभागीय अधिकारियों द्वारा किया गया। जिले मे अभियान अंतर्गत विभिन्न विभागों से सम्बन्धित शिकायतों के निराकरण में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। बिजली आपूर्ति एवं वोल्टेज, पीएम किसान सम्मान निधि पंजीयन/राशि भुगतान, पेंशन योजनाएं, हैंडपंप मरम्मत, प्रसूति सहायता संबंधी आदि योजनाओं प्रारूप से संबंधित शिकायतों में सर्वाधिक कमी दर्ज की गई है। जबलपुर संभाग में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत अब तक 41 हज़ार से अधिक सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण किया गया। कटनी जिले में अभियान अंतर्गत संभागीय अधिकारियों द्वारा भी लगातार क्षेत्रीय भ्रमण एवं मॉनिटरिंग कर सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं। जन संवाद कार्यक्रम में संभागायुक्त धनंजय सिंह ने खराब ट्रांसफार्मर, बिजली के बिल की शिकायतों, स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिती,लंबित नामांतरण, बंटवारा प्रकरण, लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभ की स्थिति, नलजल योजनाओं के क्रियान्वयन, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत जांच और उपचार के लाभ, स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार तथा उपलब्ध सुविधाएं की जानकारी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, ग्रामीण जनों तथा विभागीय अधिकारियों से ली। उन्होंने राशन वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं खाद वितरण की स्तिथि की जानकारी लेते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अभियान अंतर्गत सतत् भ्रमण करें एवं लंबित सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों का त्वरित गुणवत्तापूर्ण निराकरण समय सीमा में सुनिश्चित करें। साथ ही विभागीय योजनाएं/कार्यक्रमों की समीक्षा कर उनके प्रभावी क्रियान्वयन को भी सुनिश्चित करावें। अभियान अंतर्गत किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जन संवाद के दौरान हल्का ग्राम के कृषकों को सिलोंडी सोसायटी से समय पर यूरिया खाद उपलब्ध नहीं होने की शिकायत पर संभागायुक्त ने संयुक्त आयुक्त सहकारिता एवं संयुक्त संचालक कृषि को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त, कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जन संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों द्वारा रखी गई समस्याओं को सुना जाकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए। क्षेत्र भ्रमण एवं संवाद कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हरसिमरनप्रीत कौर एवं जिला पंचायत सदस्य कविता राय,अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।