साईं मंदिर में वरिष्ठ नेता अशोक नगायच ने किया ध्वजारोहण
गौरेला। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर साईं मंदिर परिसर में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता अशोक नगायच जी ने तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर मंदिर समिति के सदस्य, श्रद्धालु एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता अशोक नगायच ने कहा कि 15 अगस्त हमारे लिए केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को याद करने का अवसर है, जिनके संघर्ष के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी को अक्षुण्ण बनाए रखना और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं भाईचारे को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आज देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। युवा पीढ़ी को महापुरुषों के जीवन एवं उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
अशोक नगायच ने कहा कि सच्ची देशभक्ति केवल राष्ट्रगान और तिरंगे के सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करना, समाज में प्रेम और सद्भाव बनाए रखना तथा जरूरतमंदों की सेवा करना भी देशभक्ति है। उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए देश और समाज की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं उन्नति की कामना की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक स्वतंत्रता दिवस समारोह में सहभागिता की और भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण को देशभक्तिमय बना दिया।