तिरंगा हाथों में, दिल में हिंदुस्तान—संजय पाठक के नेतृत्व में विजयराघवगढ़ से कारीतलाई तक निकली भव्य बाइक रैली,राष्ट्रप्रेम के सैलाब मे 20 किमी तक लहराया तिरंगा

0

तिरंगा हाथों में, दिल में हिंदुस्तान—संजय पाठक के नेतृत्व में विजयराघवगढ़ से कारीतलाई तक निकली भव्य बाइक रैली,राष्ट्रप्रेम के सैलाब मे 20 किमी तक लहराया तिरंगा


विजयराघवगढ़/कटनी।। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। विधायक संजय पाठक के नेतृत्व में विजयराघवगढ़ से कारीतलाई तक करीब 20 किलोमीटर लंबी भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा और दिल में राष्ट्रप्रेम का जज्बा लिए बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी बाइक पर सवार होकर इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बने।
रैली जैसे-जैसे आगे बढ़ी, पूरा मार्ग ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंज उठा। सड़कों पर लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों से उत्साहित जनसमूह स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को एक अलग ही ऊर्जा प्रदान कर रहा था। रैली का जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा एवं उत्साह के साथ स्वागत किया। लोगों में तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना साफ दिखाई दी।
पूरी रैली में विधायक संजय पाठक का नेतृत्व विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहा। वे कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के साथ कदम से कदम मिलाकर रैली में शामिल हुए। उनके नेतृत्व में निकली इस तिरंगा यात्रा ने युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक एकजुटता की भावना को मजबूती देने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक संजय पाठक ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का दिन है, जिनके संघर्ष से देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एकता, भाईचारे और विकास की भावना को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि तिरंगे के सम्मान के साथ देश के प्रति कर्तव्य निभाना ही सच्ची देशभक्ति है।
तिरंगा बाइक रैली में जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुधा कोल, उदयराज सिंह चौहान, मनीष देव मिश्रा, पलक गौवर, राजेश्वरी दुबे, संतोष केवट सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कार्यकर्ता, युवा और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए।
करीब 20 किलोमीटर के पूरे मार्ग में रैली को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह नागरिकों ने रैली का स्वागत कर तिरंगे के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया। लहराते तिरंगे, गूंजते राष्ट्रभक्ति के जयघोष और हजारों लोगों के उत्साह ने विजयराघवगढ़ से कारीतलाई तक के मार्ग को मानो राष्ट्रप्रेम की जीवंत तस्वीर में बदल दिया। यह तिरंगा बाइक रैली केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि एकता, राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति जिम्मेदारी का सशक्त संदेश बनकर सामने आई। विधायक संजय पाठक के नेतृत्व में उमड़ा जनसैलाब स्वतंत्रता दिवस की भावना को जन-जन तक पहुंचाने वाला प्रेरणादायी दृश्य रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed