पुलिस को देखते ही बैग छोड़ भागने लगा युवक, खुला राज तो निकला 18.748 किलो गांजा मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, दो ट्रॉली और एक पिठ्ठू बैग से बरामद हुए 18 पैकेट, हरियाणा का 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार
पुलिस को देखते ही बैग छोड़ भागने लगा युवक, खुला राज तो निकला 18.748 किलो गांजा
मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, दो ट्रॉली और एक पिठ्ठू बैग से बरामद हुए 18 पैकेट, हरियाणा का 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार

कटनी।। मुड़वारा रेलवे स्टेशन के आसपास आधी रात को पुलिस की नजर एक ऐसे युवक पर पड़ी, जो दो ट्रॉली बैग और एक पिठ्ठू बैग लेकर संदिग्ध हालत में खड़ा था। पुलिस वाहन को अपनी ओर आता देख युवक अचानक दोनों ट्रॉली बैग मौके पर छोड़कर खिसकने लगा। उसकी यह हरकत पुलिस के शक को और गहरा कर गई। टीम ने तत्काल घेराबंदी की और युवक को दबोच लिया।

मामला 17-18 अगस्त की दरम्यानी रात का है। कोतवाली पुलिस अपराधों की रोकथाम और संदिग्धों की जांच के लिए मुड़वारा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। स्टेशन से सिविल लाइन की ओर जाने वाले मार्ग पर फुट ओवर ब्रिज के पास पुलिस को एक युवक संदिग्ध अवस्था में नजर आया।
युवक के पास दो ट्रॉली बैग और एक पिठ्ठू बैग था। जैसे ही पुलिस वाहन उसकी तरफ बढ़ा, उसने दोनों ट्रॉली बैग वहीं छोड़ दिए और वहां से निकलने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम योगेश यादव (22) पिता जुगल किशोर यादव, निवासी गदाईपुर, थाना पटौदी, जिला गुरुग्राम, हरियाणा बताया। पुलिस ने जब उससे मौके पर मौजूदगी और बैग छोड़कर भागने की वजह पूछी तो वह घबरा गया और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
बैग खुले तो सामने आया नशे का बड़ा खेल
संदेह बढ़ने पर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में दोनों ट्रॉली बैग और पिठ्ठू बैग की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को 18 पैकेट मिले। पैकेट खोलकर जांच की गई तो उनमें गांजा बरामद हुआ। तौल कराने पर कुल 18.748 किलोग्राम गांजा निकला, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.85 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजे के साथ परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दो ट्रॉली बैग और एक पिठ्ठू बैग भी जब्त किए हैं।
अब तलाश सप्लाई चैन की
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली कटनी में अपराध क्रमांक 908/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ अब इस बात को लेकर की जा रही है कि योगेश यह गांजा कहां से लेकर आया था और कटनी में इसे किसे सौंपने वाला था। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारी सामने आ सकती है।
रात की पेट्रोलिंग बनी बड़ी कार्रवाई की वजह
थाना प्रभारी कोतवाली राखी पाण्डेय के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और रात्रि पेट्रोलिंग लगातार जारी रहेगी, ताकि शहर में गांजा, स्मैक, नाईट्रावेट और अवैध शराब सहित अन्य मादक पदार्थों की सप्लाई पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, उनि. कुलदीप सिंह, सउनि. विजय गिरी सहित कोतवाली एवं एनकेजे थाने के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।