ऑटो में सफर होगा सुरक्षित, यातायात पुलिस ने कसी नियम तोड़ने वालों पर नकेल,50 से अधिक ऑटो जांचे, दस्तावेज से लेकर ओवरलोडिंग तक जांच

0

ऑटो में सफर होगा सुरक्षित, यातायात पुलिस ने कसी नियम तोड़ने वालों पर नकेल,50 से अधिक ऑटो जांचे, दस्तावेज से लेकर ओवरलोडिंग तक जांच


कटनी।। शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने की दिशा में यातायात पुलिस द्वारा चलाया गया विशेष वाहन जांच अभियान सराहनीय पहल के रूप में सामने आया है। अभियान के दौरान 50 से अधिक ऑटो वाहनों की जांच कर पुलिस ने न केवल यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्ती दिखाई, बल्कि ऑटो यात्रियों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी।
यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने कोतवाली थाना चौराहा मार्ग एवं कोतवाली परिसर क्षेत्र में ऑटो वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, निर्धारित वर्दी, वाहन का इंश्योरेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। इसके साथ ही ऑटो में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने वाले चालकों पर भी विशेष निगरानी रखी गई।
जांच के दौरान जहां नियमों का उल्लंघन मिला, वहां संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। वहीं पुलिस ने वाहन चालकों को समझाइश देते हुए वैध दस्तावेज रखने, निर्धारित वर्दी पहनने और ऑटो की क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को बैठाने की अपील की।


यातायात पुलिस की यह कार्रवाई केवल चालान तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसके माध्यम से वाहन चालकों में यातायात अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का संदेश भी दिया गया। यात्री वाहनों में नियमों का पालन सीधे आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा है। ऐसे में लाइसेंस, इंश्योरेंस और अन्य दस्तावेजों की नियमित जांच के साथ ओवरलोडिंग पर निगरानी दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन जांच अभियान का उद्देश्य वाहन चालकों को परेशान करना नहीं, बल्कि उन्हें नियमों के प्रति जागरूक करना और यात्रियों के लिए सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना है। पुलिस की ओर से की जा रही ऐसी नियमित कार्रवाई से शहर में यातायात अनुशासन को मजबूत करने में मदद मिलेगी। यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों से अपील की है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज वैध रखें, निर्धारित वर्दी में वाहन चलाएं, क्षमता से अधिक यात्रियों को न बैठाएं और यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। इस कार्रवाई के दौरान सूबेदार सोनम उइके, उप निरीक्षक अशोक सिंह, उप निरीक्षक शशिभूषण दुबे, उप निरीक्षक ईश्वर बागरी, सहायक उप निरीक्षक महेश झारिया, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र सिंह, आरक्षक मंजय यादव, आरक्षक राजकुमार अहिरवार, प्रधान आरक्षक प्रवीण सिंह, प्रधान आरक्षक अनूप इक्का एवं प्रधान आरक्षक लेखपाल सिंह सहित यातायात पुलिस बल मौजूद रहा। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ आम यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस गंभीर है। नियमों का पालन कराने के साथ समझाइश और जागरूकता पर जोर देने वाली यह पहल सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था की दिशा में सकारात्मक कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed