बिना परमिट 263 पशुओं का क्रूरता पूर्वक परिवहन, दो आरोपी गिरफ्तार 01 ट्रक जब्त, पशु क्रूरता अधिनियम और एमव्ही एक्ट के तहत कार्रवाई
बिना परमिट 263 पशुओं का क्रूरता पूर्वक परिवहन, दो आरोपी गिरफ्तार
01 ट्रक जब्त, पशु क्रूरता अधिनियम और एमव्ही एक्ट के तहत कार्रवाई
कटनी। जिले में पशुओं के अवैध एवं क्रूरता पूर्वक परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 263 बकरा-बकरी एवं भेड़ों से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। मामले में पुलिस ने वाहन चालक सहित दो आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम एवं मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार 20 अगस्त 2026 को चौकी झिंझरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि यातायात पुलिस द्वारा गुलबारा ब्रिज के ऊपर एनएच-30 मार्ग पर एक ट्रक में बड़ी संख्या में भेड़-बकरियों को पकड़ा गया है। सूचना पर चौकी झिंझरी पुलिस मौके पर पहुंची, जहां ट्रक क्रमांक एमएच-31 एफबी-8433 में बड़ी संख्या में बकरा, बकरी एवं भेड़ अत्यधिक संख्या में भरी हुई मिलीं।
पुलिस ने वाहन चालक से पशुओं के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक द्वारा कोई वैध दस्तावेज होना नहीं बताया गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम शिवा कुशवाहा पिता राजकुमार कुशवाहा, उम्र 29 वर्ष, निवासी श्यामनगर, थाना नागौद, जिला सतना बताया।
पुलिस ने ट्रक सहित उसमें क्रूरता पूर्वक एवं बिना वैध दस्तावेज परिवहन किए जा रहे कुल 263 पशुओं को जब्त किया। मामले में वाहन चालक शिवा कुशवाहा तथा वाहन स्वामी अनूप जनार्दन भैसारे के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम एवं एमव्ही एक्ट की सुसंगत धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई थाना प्रभारी माधव नगर शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में चौकी प्रभारी झिंझरी उप निरीक्षक राजेश कुमार दुबे, थाना यातायात प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह एवं पुलिस टीम द्वारा की गई। कार्रवाई में सउनि शशिभूषण सिंह, आरक्षक अजय सिंह, आरक्षक चन्द्रकमल पाण्डेय, थाना यातायात से सउनि संदीप बाल्मीकि एवं आरक्षक मंजय यादव की विशेष भूमिका रही।