जलकर राहत योजना का लाभ नहीं लेना पड़ा भारी, 6 नल कनेक्शन विच्छेदित 50 प्रतिशत बकाया जमा कर शेष राशि पर छूट का अवसर, भुगतान नहीं करने वालों पर नगर निगम की कार्रवाई
जलकर राहत योजना का लाभ नहीं लेना पड़ा भारी, 6 नल कनेक्शन विच्छेदित
50 प्रतिशत बकाया जमा कर शेष राशि पर छूट का अवसर, भुगतान नहीं करने वालों पर नगर निगम की कार्रवाई
कटनी।। वर्षों से जलकर बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए नगर निगम द्वारा लागू की गई विशेष जलकर राहत योजना का लाभ लेने का अवसर लगातार दिया जा रहा है। योजना के तहत उपभोक्ता कुल बकाया जलकर राशि का 50 प्रतिशत एकमुश्त जमा कर शेष 50 प्रतिशत राशि पर छूट प्राप्त कर सकते हैं। इसके बावजूद नोटिस और सूचना के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नगर निगम ने अब सख्ती शुरू कर दी है।
इसी क्रम में शनिवार को जलप्रदाय शाखा एवं वसूली दल द्वारा नगर के विभिन्न वार्डों में कार्रवाई करते हुए 6 बकायादार उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन विच्छेदित किए गए। जलकर शाखा प्रभारी एवं सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक ने बताया कि संबंधित उपभोक्ताओं को उनके बकाया जलकर की जानकारी देने के साथ ही विशेष राहत योजना के तहत मिलने वाली 50 प्रतिशत छूट का लाभ लेने के लिए राशि जमा करने हेतु सूचित किया गया था। निर्धारित समय में भुगतान नहीं किए जाने पर कनेक्शन विच्छेद की कार्रवाई की गई।
करीब 3.36 लाख रुपये का जलकर बकाया
कार्रवाई के दौरान छह उपभोक्ताओं पर कुल करीब 3.36 लाख रुपये का जलकर बकाया पाया गया। इनमें आईडी क्रमांक 1003426420 पर 13,722 रुपये, 1002306181 पर 48,815 रुपये, 1002311328 पर 55,079 रुपये, 1002304111 पर 75,318 रुपये, 1002318893 पर 57,863 रुपये तथा 1002310116 पर 86,367 रुपये बकाया था।
राहत योजना के तहत छूट की जानकारी देने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने पर निगम द्वारा इन सभी उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन काट दिए गए।
छूट का अवसर भी, कार्रवाई से बचने का रास्ता भी
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विशेष जलकर राहत योजना बकायादार उपभोक्ताओं के लिए बकाया राशि से राहत पाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उपभोक्ता कुल बकाया का 50 प्रतिशत जमा कर शेष 50 प्रतिशत राशि की छूट प्राप्त कर सकते हैं। निगम द्वारा बार-बार सूचना एवं अवसर दिए जाने के बाद भी भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ नल कनेक्शन विच्छेद सहित अन्य नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। निगम प्रशासन ने बकायादार उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे कार्रवाई का इंतजार न करें और योजना की अवधि में बकाया जलकर का 50 प्रतिशत जमा कर शेष राशि पर मिलने वाली छूट का लाभ उठाएं। निगम ने स्पष्ट संदेश दिया है कि राहत योजना का लाभ लेने वालों के लिए अवसर उपलब्ध है, लेकिन बकाया जमा नहीं करने वालों पर कार्रवाई में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।