गोदवाल धाम के विकास से बढ़ेंगी पर्यटन की संभावनाएं, जनविश्वास शिविर में सुनीं लोगों की समस्याएं
सांसद, विधायक, कलेक्टर व एसपी ने किया ऐतिहासिक धाम का भ्रमण, धार्मिक आस्था के साथ प्राकृतिक सौंदर्य को सहेजने पर जोर
शहडोल। ब्यौहारी क्षेत्र में प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम माने जाने वाले ऐतिहासिक गोदवाल धाम को विकसित करने की दिशा में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने संभावनाएं तलाशनी शुरू कर दी हैं। सांसद संसदीय क्षेत्र सीधी डॉ. राजेश मिश्रा, ब्यौहारी विधायक शरद कोल, कलेक्टर पार्थ जायसवाल एवं पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने गोदवाल धाम पहुंचकर स्थल का भ्रमण किया। इस दौरान धाम की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक महत्व और यहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए इसके विकास को लेकर चर्चा की गई।
धाम पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्रवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों एवं समिति से धाम की गतिविधियों और व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली गई। बताया गया कि गोदवाल धाम में प्रतिवर्ष मकर संक्रांति के अवसर पर मेले का आयोजन होता है, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। धाम के बेहतर प्रबंधन और धार्मिक गतिविधियों के संचालन के लिए ट्रस्ट समिति भी गठित की गई है।
पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने पर जोर
कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने कहा कि गोदवाल धाम में धार्मिक महत्व के साथ प्राकृतिक सौंदर्य भी मौजूद है। ऐसे स्थलों को सुव्यवस्थित तरीके से विकसित कर श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि स्थल की आवश्यकताओं का आकलन कर विकास की संभावनाओं पर कार्य किया जाएगा, जिससे क्षेत्र को नई पहचान मिल सके।
विधायक शरद कोल ने कहा कि गोदवाल धाम ब्यौहारी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। यहां श्रद्धालुओं की आस्था के साथ प्राकृतिक वातावरण भी लोगों को आकर्षित करता है। उन्होंने कहा कि धाम के विकास के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाना चाहिए। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से इसे बेहतर स्वरूप देने के प्रयास किए जाएंगे।
जनकल्याण शिविर में सुनीं समस्याएं
गोदवाल धाम के भ्रमण के बाद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जनपद पंचायत ब्यौहारी में आयोजित जनकल्याण शिविर में पहुंचकर आमजन की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। विभिन्न विभागों से संबंधित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने तथा प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए। यथासंभव कुछ प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया गया।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवम प्रजापति, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अर्चना मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।