सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए विशेष जानकारी: अपना DAC नंबर गैस एजेंसी कर्मचारियों को न दें, हेल्पलाइन नंबर जारी

0

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में उपभोक्ताओं की लगातार शिकायतों के बाद इंडियन ऑयल के अधिकारियों ने दी महत्वपूर्ण सलाह

 

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। क्षेत्र में एलपीजी गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं द्वारा ऑनलाइन गैस बुकिंग के बाद सिलेंडर की डिलीवरी नहीं होने तथा बाद में मोबाइल पर बुकिंग फेल अथवा कैंसिल होने के संदेश प्राप्त होने संबंधी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इस संबंध में उपभोक्ताओं को विशेष रूप से सतर्क रहने की आवश्यकता है।

 

उपभोक्ताओं के अनुसार, ऑनलाइन गैस बुकिंग कराने के बाद गैस वितरण कंपनी द्वारा उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक गोपनीय DAC नंबर भेजा जाता है। इसके बाद कई उपभोक्ता सिलेंडर की डिलीवरी की जानकारी लेने के लिए संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क करते हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस दौरान उनसे DAC नंबर की जानकारी मांगी जाती है और कई उपभोक्ता अनजाने में उक्त नंबर एजेंसी के कर्मचारियों अथवा अन्य व्यक्तियों को बता देते हैं।

 

कुछ उपभोक्ताओं ने शिकायत की है कि DAC नंबर साझा करने के बाद उन्हें सिलेंडर शीघ्र पहुंचने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन एक-दो दिन बाद भी सिलेंडर की डिलीवरी नहीं होती और बाद में उनके मोबाइल पर बुकिंग फेल अथवा कैंसिल होने का संदेश प्राप्त होता है। इससे उपभोक्ता भ्रमित हो जाते हैं और इसे तकनीकी समस्या समझ लेते हैं।

 

इस मामले को लेकर हमारी टीम द्वारा इंडियन ऑयल के उच्च अधिकारियों से जानकारी ली गई। अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से सलाह दी कि उपभोक्ता अपना DAC नंबर किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें और विशेष रूप से गैस एजेंसी के कर्मचारियों को भी यह गोपनीय नंबर न बताएं।

 

अधिकारियों के अनुसार, DAC नंबर जनरेट होने की प्रक्रिया के साथ ही संबंधित गैस एजेंसी को सिलेंडर की सप्लाई एवं डिलीवरी से संबंधित आवश्यक सूचना उपलब्ध रहती है। उपभोक्ता को अपना गोपनीय DAC नंबर बताने की आवश्यकता नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि नियमानुसार संबंधित एजेंसी को निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपभोक्ता तक गैस सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित करनी होती है।

 

उपभोक्ताओं से यह भी अपील की गई है कि यदि ऑनलाइन बुकिंग के बाद सिलेंडर की डिलीवरी नहीं होती है अथवा बुकिंग कैंसिल होने संबंधी कोई संदिग्ध स्थिति उत्पन्न होती है, तो वे तत्काल संबंधित कंपनी के आधिकारिक कस्टमर केयर पर शिकायत दर्ज कराएं।

 

शिकायत एवं अधिक जानकारी के लिए कस्टमर केयर नंबर:

 

1800-2333-555

 

उपभोक्ताओं से अपील है कि वे अपने मोबाइल पर प्राप्त DAC नंबर को गोपनीय रखें, किसी अनधिकृत व्यक्ति के साथ साझा न करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि होने पर तत्काल आधिकारिक कस्टमर केयर से संपर्क करें।

 

नोट: किसी विशेष गैस एजेंसी अथवा व्यक्ति के विरुद्ध यदि कोई अनियमितता या कालाबाजारी संबंधी आरोप हैं, तो उसकी पुष्टि सक्षम जांच एवं संबंधित विभाग की कार्रवाई के बाद ही की जा सकती है। उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच किया जाना आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed