सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं की धरपकड़ के लिए मैदान में उतरा नगरपालिका अमला
गौरेला। नगरपालिका परिषद गौरेला क्षेत्र में सड़कों पर घूमने एवं बैठे रहने वाले पालतू और आवारा पशुओं के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को हो रही परेशानियों को देखते हुए नगरपालिका परिषद ने कार्रवाई शुरू कर दी है। विशेषकर बारिश के दिनों में मुख्य मार्गों पर पशुओं के बैठे रहने से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे हादसों में वाहन चालक ही नहीं, बल्कि मवेशी भी चोटिल हो जाते हैं।
इन समस्याओं के निराकरण के लिए मंगलवार को नगरपालिका परिषद गौरेला के मुख्य नगरपालिका अधिकारी राजेश गुप्ता के नेतृत्व में नगरपालिका अमला मैदान में उतरा। अमले ने काऊ कैचर वाहन के माध्यम से मुख्य मार्गों पर घूम रहे एवं बैठे पशुओं की धरपकड़ की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पकड़े गए सभी मवेशियों को सुरक्षित रूप से तराई गांव स्थित गौशाला पहुंचाया गया। नगरपालिका परिषद द्वारा की गई इस कार्रवाई से मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम करने में मदद मिलेगी।
नगरपालिका परिषद ने पशुपालकों से भी अपील की है कि वे अपने पालतू पशुओं को सड़कों पर खुला न छोड़ें, ताकि आम नागरिकों को परेशानी न हो और पशु भी दुर्घटनाओं से सुरक्षित रह सकें।