भीड़, जेवर और तीन महिलाएं पलक झपकते ही गायब हुआ डेढ़ लाख का सोना, पुलिस ने खोला चोरी का राज
भीड़, जेवर और तीन महिलाएं
पलक झपकते ही गायब हुआ डेढ़ लाख का सोना, पुलिस ने खोला चोरी का राज
भीड़ का फायदा, जेवर देखने का बहाना और फिर पलक झपकते ही डेढ़ लाख रुपए का सोना गायब….ज्वेलरी दुकान में हुई इस सनसनीखेज चोरी ने दुकानदार को हैरान कर दिया। वारदात को अंजाम देने के लिए दुकान में पहुंची तीन महिलाओं ने ग्राहकों की भीड़ के बीच ऐसा खेल खेला कि दुकानदार को चोरी का पता भी नहीं चला। लेकिन पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो संदेह की कड़ियां तीन महिलाओं तक जा पहुंचीं और पूछताछ के बाद चोरी की पूरी कहानी सामने आ गई। ढीमरखेड़ा पुलिस ने तीनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1 लाख 52 हजार रुपए कीमत के चोरी गए सोने के जेवर बरामद कर लिए हैं।

कटनी। ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम सिलौड़ी स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिलाओं ने दुकान में मौजूद भीड़-भाड़ का फायदा उठाया और सोने के जेवर देखने के बहाने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस के अनुसार, ग्राम सिलौड़ी निवासी ज्वेलरी व्यवसायी अमित प्रसाद सोनी 1 सितंबर को अपनी दुकान पर ग्राहकों को सोने के जेवर दिखा रहे थे। इसी दौरान दुकान पर काफी भीड़ थी। तभी तीन महिलाएं दुकान में पहुंचीं और अन्य ग्राहकों की तरह जेवर देखने लगीं।
बताया जाता है कि जेवर देखने के दौरान महिलाओं ने दुकान की भीड़ और व्यस्तता का फायदा उठाया। कुछ ही देर बाद करीब 1 लाख 52 हजार रुपए कीमत के सोने के जेवर गायब हो चुके थे।
दुकानदार को जब चोरी का पता चला तो उसके होश उड़ गए। मामले की शिकायत ढीमरखेड़ा थाने में दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ अपराध क्रमांक 499/26 के तहत धारा 303(3), 5 बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की और जांच के दौरान तीन महिलाओं तक पहुंची। पुलिस ने सुमन उर्फ रोशनी पति सुरेन्द्र सिलावट, उम्र 40 वर्ष, निवासी कुमड़ाखेड़ा, थाना गोटेगांव, लक्ष्मी उर्फ नेहा पति हाकम चौधरी, उम्र 50 वर्ष, निवासी साकल रोड, 02 नं. गली, थाना कोतवाली नरसिंहपुर ,तरूणा उर्फ तनू पिता पहलाद चौधरी, उम्र 27 वर्ष, निवासी कुमड़ाखेड़ा, थाना गोटेगांव को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान तीनों महिलाओं ने ज्वेलरी दुकान में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवर बरामद कर लिए।
इस चोरी की सबसे खास बात यह रही कि आरोपियों ने किसी ताले को नहीं तोड़ा और न ही दुकान में जबरन प्रवेश किया। आरोप है कि महिलाओं ने भीड़ को ही अपनी सबसे बड़ी ढाल बनाया और जेवर देखने के बहाने वारदात को अंजाम दिया। दुकान में मौजूद ग्राहकों की आवाजाही और दुकानदार की व्यस्तता के बीच चोरी की पूरी वारदात को अंजाम दे दिया गया।