श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर पुलिस ने संभाली सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की कमान

0

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर पुलिस ने संभाली सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की कमान


कटनी।। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने तथा आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख आयोजन स्थलों और जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया।
कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी अजाक शिवा पाठक ने लक्ष्मी नारायण मंदिर, श्री सत्य नारायण मंदिर सहित अन्य प्रमुख आयोजन स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और पार्किंग की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्धारित जुलूस मार्ग का भी निरीक्षण करते हुए उन स्थानों को चिन्हित किया, जहां जन्माष्टमी के दौरान अधिक भीड़ अथवा यातायात का दबाव बनने की संभावना है। संबंधित अधिकारियों को इन स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने आयोजन मंडल के पदाधिकारियों से भी चर्चा कर समन्वय के साथ व्यवस्थाएं बनाने पर जोर दिया। पुलिस का उद्देश्य है कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान अनूप सिंह, निरीक्षक एवं थाना प्रभारी यातायात, सुरेन्द्र शर्मा निरीक्षक, शशिभूषण दुबे एवं किशोर कुमार द्विवेदी सहित आयोजन मंडल के अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed