संपत्तिकर-जलकऱ वसूली में तेजी के निर्देश, बड़े बकायादारों पर निगम की नजर राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने की समीक्षा बैठक, कमजोर प्रदर्शन वाले कर्मचारियों को विशेष प्रयास करने के निर्देश

0

संपत्तिकर-जलकऱ वसूली में तेजी के निर्देश, बड़े बकायादारों पर निगम की नजर
राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने की समीक्षा बैठक, कमजोर प्रदर्शन वाले कर्मचारियों को विशेष प्रयास करने के निर्देश


कटनी।। नगर पालिक निगम कटनी में राजस्व वसूली को गति देने के लिए मंगलवार शाम राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में संपत्तिकर, जलकर, दुकान किराया, ट्रेड लाइसेंस एवं बाजार शाखा से संबंधित बकाया राजस्व की वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए बकायादारों से प्रभावी संपर्क स्थापित कर वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी निगमायुक्त हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर आयोजित बैठक में सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संपत्तिकर एवं जलकर वसूली की वार्डवार समीक्षा की गई तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप वसूली बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कमजोर प्रदर्शन वाले कर्मचारियों को विशेष प्रयास करते हुए लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
राजस्व अधिकारी श्री पाठक ने कहा कि जलकर राहत योजना सीमित समय के लिए लागू की गई है, जिसके तहत बड़े जलकर बकायादारों को बकाया राशि में 50 प्रतिशत तक की छूट का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि निगम अमला बकायादारों से नियमित संपर्क कर उन्हें योजना का लाभ लेते हुए समय पर बकाया कर एवं जलकर जमा करने के लिए प्रेरित करे। वसूली कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत को ध्यान में रखते हुए लंबित राजस्व प्रकरणों के अधिक से अधिक निराकरण एवं वसूली सुनिश्चित करने की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
बकायादार दुकानदारों को नोटिस, तालाबंदी की कार्रवाई हो सकती है
राजस्व अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन भवन स्वामियों को बिल तामील किए जा चुके हैं, उन्हें डिमांड नोटिस भी जारी किए जाएं। वहीं, लंबे समय से किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की तैयारी करते हुए दुकानों के बकाया बिल जारी करने और समय पर राशि जमा नहीं करने पर तालाबंदी की कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नागरिकों तक समय पर बिल पहुंचाने, जीआईएस नोटिस की तामिली, भवन सर्वे एवं सुधार कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई, ताकि निगम की राजस्व मांग को अद्यतन रखते हुए वसूली व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।

ट्रेड लाइसेंस और बाजार शाखा की भी हुई समीक्षा
राजस्व अधिकारी श्री पाठक ने ट्रेड लाइसेंस एवं बाजार शाखा से संबंधित वसूली कार्यों की भी समीक्षा की। लंबित ट्रेड लाइसेंस प्रकरणों का निराकरण करने, पात्र व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को लाइसेंस के दायरे में लाने तथा बाजार क्षेत्र से संबंधित राजस्व वसूली को प्रभावी बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। बैठक में आउटसोर्स श्रमिकों द्वारा किए जा रहे राजस्व संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की गई। श्री पाठक ने कहा कि राजस्व वसूली केवल निगम की आय बढ़ाने का माध्यम नहीं है, बल्कि बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी लक्ष्य आधारित और समन्वित तरीके से कार्य करते हुए वसूली में अपेक्षित वृद्धि सुनिश्चित करें। बैठक में मुकेश राजपूत, प्रकाश पांडे, लवकुश तिवारी, राजकुमार प्यासी, विनोद सिंह चौहान सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed