जन्माष्टमी की तैयारियों को लेकर महापौर श्रीमती सूरी ने प्रमुख मंदिरों का किया निरीक्षण श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल और सुगम आवागमन व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

0

जन्माष्टमी की तैयारियों को लेकर महापौर श्रीमती सूरी ने प्रमुख मंदिरों का किया निरीक्षण
श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल और सुगम आवागमन व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश


कटनी।। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर नगर पालिक निगम द्वारा शहर में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पर्व के दौरान मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए निगम द्वारा स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल और आवागमन सहित आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में आज गुरुवार, 03 सितंबर को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने शहर के प्रमुख मंदिरों का निरीक्षण कर जन्माष्टमी की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
महापौर श्रीमती सूरी ने सत्यनारायण मंदिर, श्री गोविंद देव मंदिर तथा श्री महालक्ष्मी मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पर्व को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली तथा मौके पर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
महापौर ने मंदिर परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रहती है, इसलिए मंदिरों के साथ-साथ आने-जाने वाले मार्गों की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।
महापौर ने मंदिरों तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सड़कों की स्थिति का जायजा लेते हुए मार्गों पर मौजूद गड्ढों की आवश्यक मरम्मत पर्व से पूर्व पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए मार्ग सुगम एवं सुरक्षित होना जरूरी है। चिन्हित गड्ढों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

प्रकाश एवं पेयजल व्यवस्था रहेगी बेहतर
मंदिरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी महापौर ने दिए। उन्होंने कहा कि रात्रि के समय श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समय रहते व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जन्माष्टमी के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए महापौर श्रीमती सूरी ने अतिक्रमण दस्ते को विशेष रूप से सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए। मंदिरों के आसपास तथा प्रमुख आवागमन मार्गों पर अस्थाई अतिक्रमणों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें हटाने तथा मार्गों को सुगम बनाए रखने को कहा गया। साथ ही यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए संबंधित अमले को निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि निरीक्षण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर चिन्हित आवश्यकताओं का तत्काल निराकरण किया जाए। पर्व के दौरान भी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

श्रद्धालुओं को मिले सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शहरवासियों की आस्था और श्रद्धा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। नगर निगम का दायित्व है कि पर्व के दौरान मंदिरों एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के मंदिरों में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकें और जन्माष्टमी पर्व शहर में उत्साह, श्रद्धा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य बीना बैनर्जी, उपायुक्त शैलेश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, पूर्व पार्षद विजय डब्बू रजक, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, मोना करेरा, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, उपयंत्री जे.पी. सिंह बघेल, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित नगर निगम के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed