बुढ़ार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 25 पशु मुक्त, क्रूरतापूर्वक ठूंसकर ले जाए जा रहे थे 13 गाय और 12 बछड़े, ट्रक समेत 35 लाख का मशरूका जब्त

शहडोल। पशुओं के अवैध एवं क्रूरतापूर्वक परिवहन के खिलाफ बुढ़ार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 25 पशुओं को मुक्त कराया है। पुलिस ने ट्रक से 13 जर्सी गाय और 12 बछड़े बरामद किए। कार्रवाई के दौरान पशुओं को ले जाने में प्रयुक्त ट्रक क्रमांक UP 70 GT 0108 भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार वाहन और पशुओं सहित कुल 35 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार 4 और 5 सितंबर की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी संख्या में पशुओं को भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना पर बुढ़ार थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शहडोल-बुढ़ार हाईवे बाईपास रोड, पकरिया तिराहा के पास नाकाबंदी की। रात करीब 1:30 बजे संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक के अंदर 13 जर्सी गाय और 12 बछड़े मिले।
बिना चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक बांधे थे पशु
जांच के दौरान पुलिस को पशुओं को ट्रक में अत्यधिक संख्या में और क्रूरतापूर्वक बांधकर रखे जाने की जानकारी मिली। एफआईआर के अनुसार पशुओं के लिए पर्याप्त चारा-पानी की व्यवस्था भी नहीं थी। पुलिस ने तत्काल सभी 25 पशुओं को ट्रक से मुक्त कराया और सुरक्षित स्थान पर भेजकर उनके लिए चारा-पानी की व्यवस्था कराई।
परिवहन के दस्तावेज नहीं मिले
पुलिस ने ट्रक चालक से पशुओं के परिवहन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन 13 गाय और 12 बछड़ों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया और पशुओं को सुरक्षित रखने की कार्रवाई की।
35 लाख का मशरूका जब्त
इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 35 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। इसमें जब्त ट्रक और बरामद 25 पशु शामिल हैं। कार्रवाई के बाद पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया, जहां उनके रखरखाव और चारा-पानी की व्यवस्था कराई गई।
तीन आरोपी बनाए गए
मामले में पुलिस ने अंजनी त्रिपाठी, मनीष कुमार साहू और सौरभ सिंह को आरोपी बनाया है। एफआईआर के अनुसार अंजनी त्रिपाठी ट्रक चालक के रूप में सामने आया है। पुलिस ने मामले में मध्यप्रदेश के संबंधित अधिनियम की धारा 6(क), पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 66 एवं 192 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।