विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के साथ कृष्ण भक्ति में डूबा कटनी, सुभाष चौक दही हांडी में उमड़ा लाखों का जनसैलाब शहर के हृदय स्थल पर हुआ कटनी का सबसे बड़ा और भव्य दही हांडी महोत्सव, 40 फीट ऊंची मटकी फोड़ने उमड़ा जोश; युवाओं की सबसे ज्यादा भागीदारी

0

विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के साथ कृष्ण भक्ति में डूबा कटनी, सुभाष चौक दही हांडी में उमड़ा लाखों का जनसैलाब
शहर के हृदय स्थल पर हुआ कटनी का सबसे बड़ा और भव्य दही हांडी महोत्सव, 40 फीट ऊंची मटकी फोड़ने उमड़ा जोश; युवाओं की सबसे ज्यादा भागीदारी
कटनी। शहर के हृदय स्थल सुभाष चौक पर आयोजित दधिकांदो महोत्सव इस वर्ष भव्यता और जनभागीदारी के नए आयाम स्थापित कर गया। विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक की विशेष मौजूदगी में आयोजित दही हांडी महोत्सव में लाखों की तादाद में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, गोविंदा टोलियों का जोश, ढोल-नगाड़ों की गूंज और युवाओं के उत्साह ने पूरे सुभाष चौक को देर तक कृष्णमय बनाए रखा।
शहर के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल इस दही हांडी महोत्सव को कटनी का सबसे बड़ा और भव्य आयोजन माना गया। विशेष बात यह रही कि आयोजन में युवा वर्ग की भागीदारी सबसे अधिक देखने को मिली। बड़ी संख्या में युवा गोविंदा टोलियों के साथ ही दर्शक के रूप में भी आयोजन स्थल पहुंचे और हर प्रयास पर तालियों, जयकारों एवं उत्साहवर्धन से माहौल को ऊर्जा से भर दिया।

विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के साथ भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम
महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद विधायक संजय सत्येंद्र पाठक भी पूरे समय धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण में नजर आए। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के बीच विधायक पाठक की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया। उनके साथ नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, पार्षद अवकाश जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि इस तरह के आयोजन केवल धार्मिक परंपराओं का निर्वहन नहीं करते, बल्कि समाज में आपसी भाईचारा, सांस्कृतिक चेतना और युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करते हैं। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की परंपराओं से नई पीढ़ी को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित यह महोत्सव शहरवासियों की आस्था और सहभागिता का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया।

40 फीट ऊंची दही हांडी बनी आकर्षण का केंद्र
सुभाष चौक पर करीब 40 फीट की ऊंचाई पर बांधी गई दही हांडी पूरे आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही। मटकी को फोड़ने के लिए मैहर, जबलपुर, उमरिया, कटनी सहित विभिन्न स्थानों से पहुंची गोविंदा टोलियों ने अपनी ताकत, संतुलन और साहस का शानदार प्रदर्शन किया। मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई तक पहुंचने की कोशिश कर रहे गोविंदाओं को देखने के लिए चारों ओर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। जैसे-जैसे टोलियां हांडी के करीब पहुंचतीं, वैसे-वैसे जयकारों और तालियों की गूंज तेज होती जाती। अंततः 40 फीट ऊंची मटकी फूटते ही सुभाष चौक जय श्रीकृष्ण और गोविंदा के जयघोष से गूंज उठा।

विजेता टीम को मिला 51 हजार रुपये का पुरस्कार
दही हांडी प्रतियोगिता में विजेता टीम के लिए 51 हजार रुपये का आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किया गया था। पुरस्कार को लेकर गोविंदा टोलियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। युवाओं ने अपने शानदार प्रदर्शन से मौजूद हजारों-लाखों दर्शकों का दिल जीत लिया।

मथुरा के कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बढ़ाई आयोजन की भव्यता
कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए मथुरा से आमंत्रित कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण के भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। भक्ति संगीत और आर्केस्ट्रा की प्रस्तुतियों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सहित हर वर्ग ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।

कार्यक्रम की भव्यता को शहरवासियों ने सराहा
विशेष सजावट, विशाल जनभागीदारी, गोविंदा टोलियों के रोमांचक प्रदर्शन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। शहरवासियों ने आयोजन की भव्यता और व्यवस्थाओं की जमकर सराहना की। देर रात तक सुभाष चौक और आसपास का क्षेत्र श्रद्धालुओं से भरा रहा। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए थे। विधायक संजय सत्येंद्र पाठक की मौजूदगी में आयोजित सुभाष चौक का दही हांडी महोत्सव इस वर्ष कटनी के धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों में एक ऐतिहासिक अध्याय बन गया। लाखों लोगों की मौजूदगी और विशेष रूप से युवाओं की जबरदस्त भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि शहर की आस्था, संस्कृति और उत्सवधर्मिता आज भी पूरे जोश के साथ जीवंत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed