18 महीने से वेतन लंबित होने का आरोप, महिला डॉक्टर ने मानसिक प्रताड़ना की शिकायत विजयराघवगढ़ की डेंटिस्ट डॉ. मुस्कान सोनी ने महिला थाने में दिया आवेदन, सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग

0

18 महीने से वेतन लंबित होने का आरोप, महिला डॉक्टर ने मानसिक प्रताड़ना की शिकायत

विजयराघवगढ़ की डेंटिस्ट डॉ. मुस्कान सोनी ने महिला थाने में दिया आवेदन, सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग

कटनी। विजयराघवगढ़ में पदस्थ डेंटिस्ट डॉ. मुस्कान सोनी ने करीब 18 महीने से वेतन लंबित होने का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ महिला थाने में शिकायत दी है। शिकायत में उन्होंने वेतन संबंधी जानकारी मांगने पर कथित रूप से धमकाने, अपमानित करने, अभद्र व्यवहार और मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला डॉक्टर ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ कार्यस्थल पर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। शिकायत में डॉ. सोनी ने बताया कि वह विजयराघवगढ़ में डेंटिस्ट के पद पर पदस्थ हैं और उनका करीब एक वर्ष छह माह का वेतन लंबित है। उनका आरोप है कि वेतन के संबंध में अधिकारियों से जानकारी मांगने पर उन्हें कथित तौर पर दबाव में लेने और अपमानित करने का प्रयास किया जाता है।

अटेंडेंस को लेकर भी परेशान करने का आरोप
डॉ. सोनी ने वरिष्ठ बीएमओ डॉ. विनोद दुबे और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह के संबंध में भी शिकायत में आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अटेंडेंस को लेकर उन्हें परेशान किया जाता है तथा स्टाफ के सामने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इन परिस्थितियों के कारण उन्हें दबाव और भय के माहौल में कार्य करना पड़ रहा है।
महिला डॉक्टर ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, कार्यस्थल पर सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई
मामले को लेकर एडिशनल एसपी कटनी कमल मौर्य ने बताया कि महिला डॉक्टर द्वारा शिकायत की गई है। शिकायत की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे और जो व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed