देवरी गांव में तेंदुए की संदिग्ध मौत, वन विभाग में मचा हड़कंप खेत के समीप तारों में फंसा मिला शव, पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों की जांच तेज
देवरी गांव में तेंदुए की संदिग्ध मौत, वन विभाग में मचा हड़कंप
खेत के समीप तारों में फंसा मिला शव, पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों की जांच तेज
कटनी/रीठी। रीठी वन परिक्षेत्र के ग्राम देवरी में गुरुवार को एक तेंदुआ संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। तेंदुए का शव एक किसान के खेत के समीप पड़ा मिला। ग्रामीणों से सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेंदुआ खेत के समीप लगे तारों में फंसा हुआ मिला। ऐसे में प्रथम दृष्टया तारों की चपेट में आने से उसकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, तेंदुए की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
वन विभाग ने मौके का निरीक्षण करने के साथ चिकित्सकों की टीम बुलाकर तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम कराया है। अब जांच इस दिशा में भी आगे बढ़ाई जा रही है कि खेत के आसपास लगाए गए तार किस उद्देश्य से लगाए गए थे। कहीं तार वन्यप्राणी के शिकार के लिए तो नहीं लगाए गए थे, इस पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है।
वन विभाग की टीम घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र से भी आवश्यक जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर तेंदुए की मौत के कारणों की पुष्टि होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इनका कहना है
रीठी वन परिक्षेत्र के एसडीओ एवं आईएफएस अधिकारी कार्तिकेय भट्ट ने बताया कि ग्राम देवरी में तेंदुए की मौत की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। तेंदुए के शव का चिकित्सकों की टीम से पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।