गणेश उत्सव की सुरक्षा को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल ने किया भ्रमण, यातायात एवं भीड़ नियंत्रण व्यवस्था का लिया जायजा
गणेश उत्सव की सुरक्षा को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च
शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल ने किया भ्रमण, यातायात एवं भीड़ नियंत्रण व्यवस्था का लिया जायजा

कटनी।। गणेश चतुर्थी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने सोमवार शाम शहर में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में निकाले गए फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के नेतृत्व में डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, डीएसपी अजाक एवं प्रभारी सीएसपी शिवा पाठक, थाना प्रभारी कोतवाली राखी पांडे, थाना प्रभारी यातायात अनूप सिंह, आरआई संध्या राजपूत, अंजू लकड़ा, निरीक्षक मंजू शर्मा, एसआई शशिभूषण दुबे सहित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने फ्लैग मार्च में सहभागिता की।
फ्लैग मार्च थाना कोतवाली से प्रारंभ होकर एसबीआई तिराहा, कचहरी तिराहा, गणेश चौक, बरही चौराहा, गर्ग चौराहा, दुर्गा चौक, घंटाघर, जालपा देवी मार्ग, चांडक चौक, बस स्टैंड, पन्ना मोड़, कुठला क्षेत्र, कृषि मंडी चाका और आजाद चौक सहित शहर के प्रमुख क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने गणेश चौक स्थित श्रीगणेश मंदिर में दर्शन किए तथा वहां स्थापित गणेश पंडाल का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों ने पंडाल में सुरक्षा इंतजाम, श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, प्रवेश-निकास व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की जानकारी लेते हुए आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस
गणेश उत्सव के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस एवं यातायात विभाग द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। प्रमुख स्थानों पर स्टॉपर, संकेतक एवं बैनर लगाए गए हैं। आमजन को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यकतानुसार डायवर्शन प्लान भी तैयार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने के निर्देश दिए। गणेश उत्सव के दौरान शांति, सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सुगम यातायात बनाए रखने के लिए कटनी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस की ओर से नागरिकों एवं गणेश उत्सव समितियों से भी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई है।