गणेश प्रतिमा विसर्जन पर्व को लेकर निगम ने कसी कमर, जुलूस मार्ग से विसर्जन स्थलों तक रहेंगी पुख्ता व्यवस्थाएं

0

गणेश प्रतिमा विसर्जन पर्व को लेकर निगम ने कसी कमर, जुलूस मार्ग से विसर्जन स्थलों तक रहेंगी पुख्ता व्यवस्थाएं
कटनी। गणेश चतुर्थी एवं अनंत चतुर्दशी पर्व के मद्देनजर नगर निगम प्रशासन ने गणेश प्रतिमा विसर्जन एवं चल समारोह की तैयारियां शुरू कर दी हैं। 25 सितंबर को प्रस्तावित गणेश प्रतिमा विसर्जन पर्व को लेकर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपते हुए जुलूस मार्ग से लेकर विसर्जन स्थलों तक आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
निगम प्रशासन द्वारा पूर्व वर्षों की तरह गणेश चौक, मढ़ई मंदिर, हनुमान मंदिर, सुभाष चौक, झंडा बाजार, शेर चौक एवं आजाद चौक होते हुए विसर्जन स्थलों तक जाने वाले मार्गों पर व्यवस्थाएं की जाएंगी। जुलूस मार्ग पर आवश्यकता के अनुसार सड़क मरम्मत एवं पेचवर्क, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और विशेष साफ-सफाई कराई जाएगी, ताकि चल समारोह के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन मिल सके।
कृत्रिम विसर्जन कुंडों की होगी व्यवस्था
पारंपरिक विसर्जन स्थलों पर कृत्रिम जलकुंड तैयार किए जाएंगे। इन कुंडों में शुद्ध जल, तिरपाल एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था रहेगी। बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए आवश्यकता अनुसार वाहनों की व्यवस्था भी की जाएगी। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के लिए वाटरप्रूफ पंडाल और कुर्सियों की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। मसुरहा घाट में संबंधित भूमि स्वामी की सहमति प्राप्त कर कृत्रिम कुंड का निर्माण कराने को कहा गया है।
जुलूस मार्ग और घाटों पर तैनात रहेंगे सफाई मित्र
विसर्जन पर्व को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जुलूस मार्ग तथा विसर्जन स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। चिन्हित स्थलों पर रेखांकन कर पर्याप्त संख्या में सफाई मित्रों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही आवारा पशुओं की रोकथाम के इंतजाम किए जाएंगे।
निगम प्रशासन ने गणेश समितियों एवं आयोजकों से अमानक और प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा इसके स्थान पर कागज एवं पत्तों से निर्मित पत्तल, दोना, गिलास और कटोरी जैसी पर्यावरण अनुकूल सामग्री का उपयोग करने की अपील की है। प्रतिमा विसर्जन के बाद कृत्रिम कुंडों की सफाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा पर विशेष जोर
विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पानी, पेयजल एवं पानी के टैंकर उपलब्ध कराने के साथ कृत्रिम एवं चलित कुंडों के लिए तिरपाल, बैनर एवं फ्लैक्स की व्यवस्था की जाएगी। जुलूस मार्ग, प्रमुख स्थलों और कुंडों के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए जनरेटर एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस कंट्रोल रूम में अग्निशमन वाहन की व्यवस्था तथा विसर्जन स्थलों पर होमगार्ड, तैराक और गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय किया जाएगा।
बड़ी प्रतिमाओं के लिए कृत्रिम कुंड, छोटी प्रतिमाओं के लिए चलित कुंड
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने नागरिकों एवं गणेश समितियों को बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन कृत्रिम जलकुंडों तथा घरों में स्थापित छोटी प्रतिमाओं का विसर्जन चलित कुंडों में करने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। निगम प्रशासन का उद्देश्य पारंपरिक जलस्रोतों पर दबाव कम करने के साथ विसर्जन प्रक्रिया को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना है।
23 से 25 सितंबर तक मांस-मछली की दुकानें बंद रखने के निर्देश
पर्व के दौरान स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए 23, 24 एवं 25 सितंबर को मांस-मछली की दुकानों को बंद रखने संबंधी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश स्वास्थ्य शाखा को दिए गए हैं।
निगम प्रशासन ने गणेश समितियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित कृत्रिम एवं चलित कुंडों में ही गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करें, प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करें और स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल गणेश विसर्जन में नगर निगम का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed